Uncategorized

कन्या महाविद्यालय की छात्राओं को वित्तीय साक्षरता और सुरक्षित निवेश की जानकारी

कलेक्टर ने बचत, वित्तीय लक्ष्य और आर्थिक आत्मनिर्भरता के लिए किया प्रेरित

धमतरी- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत युवा कौशल उन्नयन एवं मूल्य संवर्धन कार्यक्रम के तहत शासकीय नारायण राव मेघावाले कन्या महाविद्यालय में वित्तीय साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कैरियर गाइडेंस एवं रोजगार समिति तथा वाणिज्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में हुए कार्यक्रम में 120 छात्राओं को बचत, बजट, बैंकिंग, निवेश, बीमा, आयकर और सुरक्षित डिजिटल लेन-देन की जानकारी दी गई।

प्राचार्य डॉ. अनीता राजपुरिया के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में चार्टर्ड अकाउंटेंट एवं इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया के पूर्व चेयरमैन श्री किशोर बरड़िया, इनकम टैक्स बार एसोसिएशन धमतरी के अध्यक्ष श्री आयुष महेश्वरी और सदस्य श्री सुधीर ठाकुर ने छात्राओं को वित्तीय प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि बचपन की गुल्लक से शुरू होने वाली बचत की आदत आगे चलकर आर्थिक अनुशासन और सुरक्षित भविष्य की नींव बनती है। उन्होंने छात्राओं से आय-व्यय का हिसाब रखने, वित्तीय लक्ष्य निर्धारित करने, नियमित बचत करने और आपातकालीन निधि तैयार करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि निवेश से पहले उसके लाभ और जोखिमों को समझना चाहिए तथा ऋण लेने से पहले पुनर्भुगतान क्षमता का आकलन करना जरूरी है।

मुख्य वक्ता श्री बरड़िया ने बजट निर्माण, बचत बैंक खाते, ब्याज, नामांकन और वित्तीय योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने सावधि जमा (FD), आवर्ती जमा (RD), म्यूचुअल फंड और शेयर बाजार जैसे निवेश विकल्पों के साथ उनसे जुड़े जोखिमों को भी समझाया। इसके अलावा जीवन, स्वास्थ्य एवं सामान्य बीमा, पैन कार्ड, टीडीएस और आयकर संबंधी जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में डिजिटल बैंकिंग और साइबर सुरक्षा पर विशेष जोर दिया गया। छात्राओं को यूपीआई, इंटरनेट एवं मोबाइल बैंकिंग, एटीएम और डेबिट कार्ड के सुरक्षित उपयोग के तरीके बताए गए। वक्ताओं ने फिशिंग, फर्जी लिंक और संदिग्ध कॉल से सावधान रहने तथा ओटीपी, एटीएम पिन, सीवीवी और अन्य गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करने की सलाह दी।

प्राचार्य डॉ. राजपुरिया ने कहा कि वित्तीय साक्षरता छात्राओं को आर्थिक निर्णय लेने, संसाधनों का बेहतर उपयोग करने और आत्मनिर्भर बनने में मदद करेगी। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने नियमित बचत, सोच-समझकर निवेश और सुरक्षित डिजिटल लेन-देन का संकल्प लिया। संचालन वाणिज्य विभाग के सहायक प्राध्यापक दानेश्वर साहू ने किया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!