Uncategorized

सेवा संकल्प अभियान के तहत बोरसी में क्लस्टर स्तरीय सेवा सेतु शिविर आयोजित

विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से हितग्राही हुए लाभान्वित, प्राप्त आवेदनों के त्वरित निराकरण पर दिया गया जोर

धमतरी- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले के मगरलोड विकासखंड के ग्राम पंचायत बोरसी में 15 अक्टूबर को क्लस्टर स्तरीय सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जयंत नाहटा के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना, ग्रामीणों की मांगों एवं समस्याओं का निराकरण करना तथा पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना रहा।
शिविर में बोरसी सहित बेलोरा, झाझरकेरा, सोनपैरी, मोहंदी, राजपुर, सरगी, सोनेवारा, पाहंदा, भोथा एवं लड़ेर ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने भाग लिया। शिविर में कुल 47 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें सभी 47 आवेदन विभिन्न मांगों से संबंधित थे। प्राप्त आवेदनों में से 43 का तत्काल निराकरण किया गया। शेष चार आवेदनों के निराकरण के लिए संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। आवेदकों को उनके प्रकरणों की स्थिति एवं निराकरण के संबंध में जानकारी भी दी गई।

विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को मिला लाभ

शिविर में 60 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया गया। वहीं, 55 हितग्राहियों को भू-स्वामित्व पट्टे प्रदान किए गए। इसके अलावा तीन हितग्राहियों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिलाया गया तथा पांच हितग्राहियों को फसल बीमा की राशि प्रदान की गई। श्रम विभाग के अंतर्गत छह श्रमिकों की ई-केवाईसी तथा तीन हितग्राहियों का नवीनीकरण किया गया। विभागीय स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी भी दी गई।

अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने किया स्टॉलों का निरीक्षण

शिविर में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा प्राप्त आवेदनों और उनके निराकरण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को ग्रामीणों की मांगों एवं समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य करने और पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

इस अवसर पर जनपद पंचायत मगरलोड के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी बसंत कुमार शांडिल्य, विकासखंड नोडल एवं नायब तहसीलदार दीपेन्द्र कुमार पटेल, सहायक नोडल एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी देवानंद गौतम, पंचायत निरीक्षक दीपक कुमार भीमगज, जनपद सदस्य श्रीमती दुर्गेशनंदनी साहू, जनपद सदस्य प्रतिनिधि लोमश कुमार सिन्हा, ग्राम पंचायत बोरसी की सरपंच श्रीमती नूतन निषाद सहित क्लस्टर की सरपंच श्रीमती उमा निषाद, श्रीमती अनिता लहरे, श्रीमती हेमलता निषाद, श्रीमती शकुन ध्रुव एवं श्री विमल नेताम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन पर बसंत कुमार शांडिल्य ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों एवं ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस शिविर ने ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं, योजनाओं की जानकारी एवं आवेदन निराकरण की सुविधा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!