Uncategorized

एसपी भावना पांडेय के निरीक्षण के बाद यातायात अमला हुआ सक्रिय, नियमो का उल्लंघन करने वालों और नाबालिग वाहन चालकों को दी जा रही समझाइश

यातायात व्यवस्था को और दुरुस्त करने जुटी पुलिस, डीएसपी मोनिका मरावी, यातायात प्रभारी खेमराज साहू सहित पूरा यातायात अमला अलर्ट मोड पर

 


धमतरी। रथयात्रा के एक दिन पूर्व यातायात पुलिस ने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और व्यस्त मार्गों पर विशेष अभियान चलाकर यातायात नियमों का पालन कराने की पहल की।
गौरतलब है कि एक दिन पहले ही जिले की पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय ने स्वयं शहर का भ्रमण कर रथयात्रा मार्ग एवं प्रमुख स्थानों का निरीक्षण किया था। उन्होंने यातायात व्यवस्था, पार्किंग, भीड़ नियंत्रण तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। एसपी के निरीक्षण के बाद यातायात अमला पूरी तरह सक्रिय हो गया है।
इसी कड़ी में यातायात डीएसपी मोनिका मरावी एवं यातायात प्रभारी खेमराज साहू ने पुलिस टीम के साथ शहर में अभियान चलाया। इस दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने, तीन सवारी बैठाने, गलत दिशा में वाहन चलाने तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को रोककर समझाइश दी गई। साथ ही नाबालिग वाहन चालकों एवं उनके अभिभावकों को भी सड़क सुरक्षा के नियमों से अवगत कराते हुए नाबालिगों को वाहन नहीं देने की अपील की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रथयात्रा के दौरान शहर में श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या उमड़ने की संभावना है। ऐसे में यातायात को सुचारू बनाए रखने, दुर्घटनाओं की आशंका को कम करने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है। प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, पार्किंग व्यवस्था तथा यातायात डायवर्जन की भी तैयारी की गई है।

यातायात नियमों का करे पालन करें- डीएसपी मोनिका मरावी

यातायात डीएसपी मोनिका मरावी ने नागरिकों से अपील की है कि रथयात्रा के दौरान यातायात नियमों का पालन करें, पुलिस द्वारा बताए गए मार्गों का उपयोग करें, निर्धारित स्थानों पर ही वाहन पार्क करें तथा किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए प्रशासन का सहयोग करें। पुलिस का कहना है कि सभी के सहयोग से ही रथयात्रा का आयोजन सुरक्षित, व्यवस्थित और सफल बनाया जा सकेगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!