महिला आरक्षण पर कांग्रेस की दोहरी नीति ने दशकों तक महिलाओं को उनके अधिकारों से वंचित रखा : कविंद्र जैन

धमतरी। धमतरी विधायक ओंकार साहू के बयान को दुर्भावनापूर्ण और राजनीतिक भ्रम फैलाने वाला बताते हुए भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री कविंद्र जैन ने कहा कि कांग्रेस ने छह दशकों से अधिक समय तक महिला आरक्षण के मुद्दे पर दोहरी नीति अपनाई और देश की आधी आबादी को उनके अधिकारों से वंचित रखा। जबकि एक समय कांग्रेस को 400 से अधिक सीटों का प्रचंड बहुमत प्राप्त था, फिर भी उसने महिला आरक्षण विधेयक को लागू करने की इच्छाशक्ति नहीं दिखाई।
जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने वर्ष 2023 में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित कर महिलाओं को लोकसभा और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण का कानूनी अधिकार दिया। अब सरकार का प्रयास है कि आवश्यक संशोधनों और सभी राजनीतिक दलों से संवाद के माध्यम से इस आरक्षण को 2029 के लोकसभा चुनाव से ही लागू करने का मार्ग प्रशस्त किया जाए।
उन्होंने कहा कि परिसीमन, राज्यों के प्रतिनिधित्व और जनगणना जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सभी राज्यों के हितों का ध्यान रखते हुए सर्वसम्मति बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके बावजूद कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस सहित कुछ विपक्षी दल अलग-अलग तर्कों के माध्यम से इस ऐतिहासिक पहल में बाधा डालने का प्रयास कर रहे हैं।
जैन ने कहा कि महिला आरक्षण देश की महिलाओं को राजनीतिक निर्णय प्रक्रिया में समान भागीदारी देने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। आज देश की महिलाएं इस मुद्दे पर सभी राजनीतिक दलों की भूमिका को बारीकी से देख रही हैं। जो भी दल महिलाओं को उनके वाजिब अधिकार दिलाने में बाधा बनेगा, उसे आने वाले चुनावों में जनता के आक्रोश का सामना करना पड़ेगा।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नारी शक्ति को उनका अधिकार दिलाने की दिशा में यह पहल देश की राजनीति में एक ऐतिहासिक बदलाव साबित होगी।