1 से 14 दिसंबर तक जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में होगा बच्चों का वजन एवं पोषण स्तर का आकलन
वजन त्यौहार के सफल आयोजन के लिए जिला स्तरीय प्रशिक्षण संपन्न

धमतरी- महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला धमतरी द्वारा आगामी 1 दिसंबर से 14 दिसंबर 2026 तक आयोजित होने वाले वजन त्यौहार के प्रभावी एवं सुव्यवस्थित क्रियान्वयन के लिए जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में वजन त्यौहार के उद्देश्यों, निर्धारित प्रक्रिया, बच्चों के शारीरिक माप लेने की तकनीक तथा पोषण ट्रैकर पोर्टल में शत-प्रतिशत एवं त्रुटिरहित जानकारी दर्ज करने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री महेश राम मरकाम ने बताया कि वजन त्यौहार के दौरान जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 0 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों का वजन एवं आवश्यक शारीरिक माप लिया जाएगा। इसके माध्यम से बच्चों की पोषण स्थिति का आकलन कर कुपोषण एवं गंभीर कुपोषण की स्थिति की पहचान की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक बच्चे का वजन निर्धारित मानकों के अनुरूप सावधानीपूर्वक लिया जाए तथा मापन एवं पोर्टल में जानकारी दर्ज करने के दौरान पूरी शुद्धता बरती जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा त्रुटि की गुंजाइश नहीं रहनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि वजन त्यौहार के दौरान स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से किशोरी बालिकाओं का एनीमिया परीक्षण भी किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य किशोरियों में रक्ताल्पता की स्थिति की पहचान कर उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श एवं उपचार संबंधी सेवाओं से जोड़ना है। इसके लिए महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं मैदानी अमले को आपसी समन्वय और सक्रिय सहभागिता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए, ताकि जिले के प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र में निर्धारित अवधि के दौरान गतिविधियां सुचारू रूप से संचालित हो सकें।
प्रशिक्षण में समस्त परियोजना अधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने कार्यक्षेत्र में वजन त्यौहार की तैयारियों की सतत निगरानी करें तथा सभी बच्चों का वजन एवं अन्य आवश्यक जानकारी पोषण ट्रैकर पोर्टल में शत-प्रतिशत दर्ज कराना सुनिश्चित करें। साथ ही प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र में न्यूनतम पांच बच्चों का अनिवार्य रूप से सत्यापन करने के निर्देश दिए गए, ताकि मापन एवं पोर्टल में दर्ज आंकड़ों की विश्वसनीयता और प्रमाणिकता बनी रहे।
जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री मरकाम ने कहा कि वजन त्यौहार केवल बच्चों का वजन लेने तक सीमित गतिविधि नहीं है, बल्कि यह बच्चों के पोषण स्तर की वास्तविक स्थिति जानने, कुपोषण की समय रहते पहचान करने तथा जरूरतमंद बच्चों को उचित पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण अभियान है। इसके माध्यम से बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और सुपोषित बचपन की दिशा में प्रभावी प्रयास किए जा सकेंगे। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ अभियान का संचालन करने तथा जनभागीदारी के माध्यम से अभिभावकों को भी बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने की अपील की।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में परियोजना अधिकारी नगरी सोमेंद्र साहू, परियोजना अधिकारी मगरलोड सुमित गढ़ेचा, परियोजना अधिकारी धमतरी ग्रामीण श्रीमती प्राची शर्मा, परियोजना अधिकारी धमतरी शहर श्रीमती उषा किरण चंद्राकर सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के समस्त पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।
