धमतरी नगर निगम बना राजनीतिक अखाड़ा- सत्येंद्र देवांगन

धमतरी। नगर निगम के उपनेता प्रतिपक्ष सत्येन्द्र देवांगन विशु ने निगम में जारी राजनीतिक खींचतान पर निशाना साधते हुए कहा कि धमतरी नगर निगम जनसेवा का केंद्र न रहकर राजनीतिक अखाड़ा बन गया है। महापौर विपक्ष ही नहीं, अपने सभापति, एमआईसी सदस्यों और भाजपा पार्षदों के साथ भी सामंजस्य बनाने में विफल नजर आ रही हैं। आपसी विवाद और वर्चस्व की राजनीति के चलते जनता के बुनियादी मुद्दे हाशिए पर चले गए हैं। देवांगन ने कहा कि विपक्ष की आवाज दबाने के बजाय जनसमस्याओं पर ध्यान देना चाहिए। साफ-सफाई, पेयजल, सड़क, स्ट्रीट लाइट और वार्डों के विकास जैसे मुद्दों पर निगम को जवाबदेही तय करनी होगी। अपने ही सभापति के साथ विवाद, एमआईसी सदस्यों से टकराव और सत्तापक्ष में समन्वय की कमी निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि नगर निगम जनता की सेवा और शहर के विकास के लिए बना है, न कि राजनीतिक वर्चस्व की लड़ाई के लिए।