Uncategorized

अवैध धान पर सख्ती: उड़नदस्ता दल की सतत निगरानी, 56.40 क्विंटल धान जब्त

धमतरी- कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देशन में जिले के सभी धान उपार्जन केन्द्रों में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य सुचारू, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित रूप से किया जा रहा है। खरीदी प्रक्रिया की निष्पक्षता बनाए रखने तथा कोचियों एवं बिचौलियों द्वारा अवैध रूप से धान के भण्डारण व परिवहन की आशंका को देखते हुए जिला एवं ब्लॉक स्तर पर उड़नदस्ता दल का गठन किया गया है।
इस उड़नदस्ता दल में राजस्व, कृषि, खाद्य, सहकारिता एवं कृषि उपज मंडी के अधिकारी शामिल हैं। दल द्वारा जिलेभर में निरंतर औचक निरीक्षण कर अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। संदेह की स्थिति में पूछताछ के साथ-साथ नियमानुसार जब्ती की कार्यवाही भी की जा रही है।
इसी क्रम में आज दिनांक 19 दिसंबर 2025 को कृषि उपज मंडी समिति कुरूद अंतर्गत 02 प्रकरणों में श्री श्रेयांश केला, कुरूद से 20.00 क्विंटल तथा श्री चंदुलाल चंद्राकर, कुरूद से 12.80 क्विंटल अवैध धान जब्त किया गया। वहीं कृषि उपज मंडी समिति नगरी अंतर्गत 02 प्रकरणों में श्री पीलूराम, ग्राम कसपुर से 11.20 क्विंटल एवं श्री उत्तम कुमार, ग्राम राजपुर से 12.40 क्विंटल अवैध धान विधिवत् जब्त किया गया। इस प्रकार कुल 56.40 क्विंटल अवैध धान की जब्ती की गई।
जिला प्रशासन द्वारा अवैध धान भण्डारण एवं परिवहन के विरुद्ध सख्त और निरंतर कार्यवाही की जा रही है, जिससे समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी, व्यवस्थित एवं किसानों के हित में बनी रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!