Uncategorized

कांग्रेस जिलाध्यक्ष स्पष्ट करे भूपेश सरकार ने गांधी जी की पुण्यतिथि में कब शुष्क दिवस घोषित किया – कविंद्र जैन

विगत दिनों धमतरी में जिला कांग्रेस द्वारा गांधी जी की पुण्यतिथि पर शुष्क दिवस घोषित न किए जाने पर प्रदर्शन किया गया। इस प्रदर्शन को कांग्रेस का ढोंग बताते हुए भाजपा नेता कविंद्र जैन ने कहा कि मुद्दाविहीन कांग्रेस कभी जी राम जी को लेकर तो कभी गांधी जी की पुण्य तिथि को शुष्क दिवस घोषित करने को लेकर व्यर्थ का विरोध प्रदर्शन कर अखबारों की सुर्खियां पाना चाहती है। वास्तविकता यह है कि कांग्रेस ने आजादी के बाद से जितने भी साल देश में राज किया वो सिर्फ गांधी जी के नाम का दुरूपयोग करके ही किया। कांग्रेस का एक मात्र राजपरिवार कई पीढ़ियों से आज तक गांधी के नाम का दुरूपयोग करता आ रहा है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ये बताए कि 2018 से लेकर 2023 तक भूपेश बघेल की सरकार में कब गांधी जी की पुण्यतिथि पर छत्तीसगढ़ प्रदेश में शुष्क दिवस घोषित हुआ है। कांग्रेस जब सरकार में रहती है तो शराब घोटालों का कीर्तिमान बनाती है। पार्टी के बड़े बड़े नेता शराब घोटाले में महीनों से जेल में है और विपक्ष में आते ही उनको ये सारे मुद्दे याद आते हैं। गांधी जी के विचारों को यदि किसी सरकार ने आत्मसात किया है तो वो नरेन्द्र मोदी हैं जिन्होंने सत्ता संभालते ही गांधी जी के स्वच्छता के संदेश को जन आंदोलन बनाया। आज भी गांधी जयंती पर भाजपा पखवाड़े भर स्वच्छता, स्वदेशी और स्वावलंबन जैसे कार्यक्रम प्रतिवर्ष करती है। गांधी जी के नाम का सत्ता हासिल करने के लिए दुरुपयोग करने की बजाए कांग्रेस उनके आदर्शों पर चलने का प्रयास करे तो शायद उनका अस्तित्व सुरक्षित रह पायेगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!