Uncategorized

विकास की नई राह पर धमतरी : जिले के समग्र विकास पर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा का जोर

एआई और स्टार्टअप, अधोसंरचना, स्वास्थ्य, पर्यटन, रोजगार, उद्योग और खेती के साथ नशामुक्ति व बेहतर समाज निर्माण को लेकर जिले में हो रहे विभिन्न प्रयास

कलेक्टर का प्रयास केवल सरकारी योजनाओं का क्रियान्वयन करना नहीं, बल्कि जिले के विकास को जमीनी जरूरतों से जोड़कर लोगों के जीवन में लाना है सकारात्मक बदलाव

धमतरी। जिले के समग्र और संतुलित विकास को लेकर प्रशासन द्वारा विकास के पारंपरिक तरीकों के साथ-साथ नवाचार आधारित योजनाओं और प्रयोगों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के नेतृत्व में जिले में अधोसंरचना विकास, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, पर्यटन को बढ़ावा देने, रोजगार के नए अवसर पैदा करने, उद्योग एवं कृषि क्षेत्र को मजबूत करने के साथ सामाजिक बदलाव और नशामुक्ति की दिशा में विभिन्न पहल की जा रही हैं। इन प्रयासों का उद्देश्य केवल सरकारी योजनाओं का क्रियान्वयन करना नहीं, बल्कि जिले के विकास को जमीनी जरूरतों से जोड़कर लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के नेतृत्व में जिले के विकास को बहुआयामी स्वरूप देने की कोशिश की जा रही है। अधोसंरचना से लेकर स्वास्थ्य, पर्यटन, उद्योग, रोजगार, कृषि और सामाजिक सरोकारों तक विभिन्न क्षेत्रों में नवाचार को बढ़ावा देने का उद्देश्य धमतरी को विकास की नई दिशा देना है। आने वाले समय में इन पहलों के परिणाम जिले की अर्थव्यवस्था, रोजगार और नागरिक सुविधाओं के स्तर पर दिखाई देने की उम्मीद है। कलेक्टर के नेतृत्व में जिले में जल संरक्षण को नया आधार दिया जा रहा है। जिले के 357 जल स्त्रोतो पर सैंड फिल्टर बनाए जाएंगे। एआई और स्टार्टअप के क्षेत्र में आगे बढऩे हेतु युवाओं को जिला प्रशासन द्वारा हर संभव सहयोग देने की पहल भी की जा रही है।
अधोसंरचना विकास पर विशेष फोकस
कलेक्टर के नेतृत्व में जिले में सड़क, पेयजल, बिजली, भवन, आवागमन सहित मूलभूत अधोसंरचना को मजबूत करने पर लगातार जोर दिया जा रहा है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को गति देने के साथ ही उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन का प्रयास है कि विकास कार्यों का लाभ दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों तक भी प्रभावी रूप से पहुंचे।
स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार की पहल
स्वास्थ्य क्षेत्र को जिले के विकास की महत्वपूर्ण कड़ी मानते हुए सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में सुविधाओं के विस्तार और स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बेहतर बनाने पर ध्यान दिया जा रहा है। जरूरतमंद लोगों को समय पर उपचार और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हों, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय कर व्यवस्थाओं को मजबूत करने की दिशा में काम किया जा रहा है। हाल ही में मगरलोड सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भवन निर्माण हेतु 2.50 करोड़ की प्रशासकीय स्वीकृति मिली है। साथ ही आगामी समय में जिले में 100 बिस्तर कुरुद अस्पताल, 200 बिस्तर जिला अस्पताल, नगरी में ट्रामा सेंटर, बेलरगांव प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में उन्नयन की दिशा में कार्यवाही प्रगति पर है।
पर्यटन को रोजगार से जोडऩे का प्रयास
धमतरी की प्राकृतिक संपदा, जलाशयों, धार्मिक स्थलों और वन क्षेत्रों में पर्यटन की व्यापक संभावनाएं हैं। प्रशासन द्वारा पर्यटन स्थलों को सुविधाजनक एवं आकर्षक बनाने के साथ स्थानीय लोगों को इससे रोजगार से जोडऩे की संभावनाओं पर भी काम किया जा रहा है। पर्यटन को केवल घूमने-फिरने तक सीमित न रखकर स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के माध्यम के रूप में विकसित करने पर जोर है। रुद्रेश्वर कॉरिडोर सहित श्रीराम वनगमन पथ कॉरिडोर सहित अन्य पर्यटन के विकास के लिए कार्य हो रहे है।
उद्योग और रोजगार के नए अवसर
जिले में स्थानीय संसाधनों और युवाओं की क्षमता के अनुरूप रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर विकसित करने की दिशा में भी पहल की जा रही है। छोटे उद्योग, स्थानीय उत्पाद, कौशल विकास और उद्यमिता को बढ़ावा देकर युवाओं को अपने क्षेत्र में ही बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। इससे पलायन को कम करने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में मदद मिलने की उम्मीद है। हाल ही में सरकार की महत्वकांक्षी छग राज्य ग्रामीण अजीविका मिशन अन्तर्गत संचालित स्टार्टअप विलेज एंटप्रेन्योरशिप प्रोग्राम के माध्यम से ग्रामीणों क्षेत्रो में गैर कृषि आधारित उद्यमो को बढ़ावा देने तथा महिला उद्यामिता को सशक्त बनाने सम्मेलन के आयोजन भी किया गया।
खेती में नवाचार और किसानों को नई दिशा
धमतरी कृषि प्रधान जिला है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में ऐसे में किसानों की आय बढ़ाने, खेती को आधुनिक तकनीक से जोडऩे, फसल विविधीकरण तथा कृषि आधारित गतिविधियों को प्रोत्साहित करने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कृषि क्षेत्र में नवाचारों को बढ़ावा देकर किसानों को परंपरागत खेती के साथ नए विकल्पों से जोडऩे की कोशिश की जा रही है। 10 प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति में शुरु हुई ड्रोन सेवा के माध्यम से कीटनाशक छिड़काव ने जिले ने राष्ट्रीय स्तर पर कीर्तिमान रचा। इसके लिए जिला सम्मानित होगा।
नशामुक्ति और बेहतर समाज निर्माण
विकास को केवल सड़क, भवन और अन्य भौतिक सुविधाओं तक सीमित न मानते हुए सामाजिक विकास को भी प्राथमिकता दी जा रही है। युवाओं को नशे से दूर रखने, जागरूकता बढ़ाने और समाज में सकारात्मक वातावरण तैयार करने के लिए नशामुक्ति से जुड़े प्रयासों को गति देने पर जोर है। प्रशासन का मानना है कि स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक ही मजबूत समाज और विकसित जिले की आधारशिला बन सकते हैं। इसी कड़ी में कलेक्टर के नेतृत्व में मोटर सायकल रैली का आयोजन वृहद स्तर पर किया गया था।
जनभागीदारी को बनाया जा रहा आधार
जिले में चल रही विभिन्न पहलों को प्रभावी बनाने के लिए प्रशासन और आम नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय तथा जनभागीदारी पर भी जोर दिया जा रहा है। विकास योजनाओं को स्थानीय जरूरतों के अनुरूप तैयार करने और उनके बेहतर क्रियान्वयन के लिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वित प्रयास किए जा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!