राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के 150वीं वर्षगांठ पर निकाली गई तिरंगा साइकिल यात्रा
रत्नाबांधा चौक से शुरू होकर मरादेव में हुआ रैली समापन, 10 किमी की यात्रा में रायपुर से भी 25 प्रतिभागी हुए शामिल

धमतरी। राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर धमतरी में साइकिल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन, धमतरी के तत्वावधान में आयोजित इस देशभक्ति से ओतप्रोत यात्रा में सभी वर्गों के लोगों ने सहभागिता सुनिश्चित की। यात्रा का उद्देश्य वंदे मातरम् की गौरवशाली यात्रा को स्मरण करने के साथ ही राष्ट्रप्रेम, एकता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाना रहा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आज सुबह 9:30 बजे से 11 बजे तक साइकिल तिरंगा यात्रा आयोजित की गई। यात्रा का शुभारंभ रत्नाबांधा चौक धमतरी से हुआ और लगभग 10 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए मरादेव में रैली का समापन हुआ। साइकिल यात्रा में महापौर रामू रोहरा सहित जनप्रतिनिधि व अधिकारी गण भी शामिल रहे।
यात्रा में साइकिल सवार हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रभक्ति और एकता का संदेश देतेे रहे। बता दे कि आयोजन में रायपुर से 25 प्रतिभागी साइकिल से पहुंचकर यात्रा में शामिल हुए। कार्यक्रम में स्वच्छ भारत, पर्यावरण संरक्षण, राष्ट्रीय एकता और स्वस्थ जीवनशैली जैसे विषयों को भी प्रमुखता दी गई है। साइकिल के माध्यम से यात्रा का आयोजन लोगों को स्वस्थ रहने के साथ-साथ पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।
