Uncategorized

महापौर रामू रोहरा ने शासकीय हाई स्कूल भवन का किया लोकार्पण,वार्षिक उत्सव में बच्चों ने दी शानदार प्रस्तुतियां

धमतरी-अधारी नवागांव वार्ड स्थित शासकीय माध्यमिक शाला प्रांगण में नवनिर्मित शासकीय हाई स्कूल भवन का लोकार्पण एवं वार्षिक उत्सव समारोह हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर निगम महापौर रामू रोहरा रहे तथा अध्यक्षता वार्ड पार्षद तल्लीनपुरी गोस्वामी ने की। महापौर श्री रोहरा ने फीता काटकर एवं शिलापट्ट का अनावरण कर नवीन भवन का विधिवत लोकार्पण किया।
अपने संबोधन में महापौर रामू रोहरा ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे सशक्त आधारशिला है। उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त नए भवन के निर्माण से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण प्राप्त होगा, जिससे उनकी प्रतिभा को निखारने और उज्ज्वल भविष्य गढ़ने में मदद मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि नगर निगम एवं शासन शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर विकास कार्य कर रहे हैं ताकि प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके.कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। देशभक्ति गीत, समूह नृत्य और नाटक की प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमुदाय का मन मोह लिया। वार्षिक उत्सव के अंतर्गत शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

*छात्र ने उकेरा, महापौर का हूबहू चेहरा*

कार्यक्रम के अंत में कक्षा आठवीं के छात्र चंद्रहास कुंजाम ने महापौर रामू रोहरा का हूबहू पेंसिल से रेखांकित तस्वीर भेंट की तो लोगों ने दांतों तले उंगलियां दबा ली, इस अवसर पर पार्षद तल्लीनपुरी गोस्वामी ने कहा कि जब किसी जन सेवक की तस्वीर और उनकी कार्यशैली बड़े तो बड़े बच्चों के जेहन पर भी असर करें तब जाकर ऐसी कलाकृति बनकर उभरती है। श्री गोस्वामी ने कहा कि धमतरी के लोगों को दशकों तक याद रहे ऐसी कायाकल्प धमतरी की महापौर रामू रोहरा ही करेंगे।

इस अवसर पर पार्षदगण, अन्य जनप्रतिनिधि, विद्यालय प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन समिति द्वारा सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। समारोह ने क्षेत्र में शिक्षा के प्रति सकारात्मक संदेश दिया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!