धमतरी के पर्यटन स्थलों को मिलेगा नया मंच : रील, फोटोग्राफी प्रतियोगिता 17 से 24 अप्रैल तक

धमतरी। धमतरी जिले की प्राकृतिक सुंदरता और समृद्ध पर्यटन स्थलों को देश-दुनिया तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा एक आकर्षक रील एवं फोटोग्राफी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। धमतरी जिले के पर्यटन क्षेत्र/स्थल विषय पर आधारित यह प्रतियोगिता 17 से 24 अप्रैल तक आयोजित होगी, जिसमें जिले के युवा, फोटोग्राफी प्रेमी और आम नागरिक उत्साहपूर्वक भाग ले सकेंगे। प्रतिभागियों को अपनी प्रविष्टियां व्हाट्सएप नंबर +91 6268 520 889 पर भेजनी होंगी। प्रशासन ने अधिक से अधिक लोगों से इसमें भाग लेने की अपील की है, ताकि धमतरी की प्राकृतिक धरोहर और पर्यटन संभावनाओं को नई पहचान मिल सके।
जिले के पर्यटन व प्रसिद्ध स्थलो के फोटो, रील करने होगें साझा
इस पहल का मुख्य उद्देश्य स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा देना और लोगों को धमतरी की अनदेखी एवं मनमोहक लोकेशनों से परिचित कराना है। प्रतिभागियों को जिले के प्रसिद्ध एवं रमणीय स्थलों—जैसे गंगरेल बांध, रुद्री, सिहावा क्षेत्र, जंगलों और झरनों—की आकर्षक फोटो या रील तैयार कर भेजनी होगी। चयनित फोटो और रील को युवा फेस्ट आधिकारिक इंस्टाग्राम प्लेटफॉर्म पर साझा किया जाएगा, जिससे प्रतिभागियों को व्यापक पहचान मिलने का अवसर भी प्राप्त होगा।
सबसे अधिक लाइक और कमेंट वाले घोषित होंगे विजेता
प्रतियोगिता में विजेता का चयन एक अनोखे तरीके से किया जाएगा। सोशल मीडिया पर जिस प्रतिभागी की फोटो या रील को सबसे अधिक लाइक और कमेंट प्राप्त होंगे, उसे विजेता घोषित किया जाएगा। विजेताओं को आकर्षक पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा, जिससे युवाओं में रचनात्मकता और प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा मिलेगा।
