Uncategorized

जलांजलि कार्यक्रम के दौरान तालाब में डूबे व्यक्ति का 16 घंटे बाद मिला शव


कुरूद। जलांजलि कार्यक्रम के दौरान तालाब में डूबे उमरदा निवासी संतोष कंवर 40 वर्ष का शव करीब 16 घंटे बाद रविवार सुबह गोताखोरों ने बरामद किया। ग्राम उमरदा निवासी एवं पेशे से राजमिस्त्री संतोष कंवर पारिवारिक दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने कुरूद आए थे। शनिवार दोपहर जलांजलि के दौरान वे रामसागर तालाब के गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते लापता हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय युवाओं ने तत्काल खोजबीन शुरू कर दी। बाद में पुलिस प्रशासन और धमतरी से पहुंचे अनुभवी गोताखोरों की टीम ने देर रात तक सघन सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। रविवार सुबह एक बार फिर खोज अभियान शुरू किया गया। इसी बीच सुबह करीब 7.15 बजे गोताखोरों ने संतोष कंवर का शव बरामद कर लिया। शव बाहर आते ही मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की सूचना मिलते ही कुरूद थाना प्रभारी अवध राम साहू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे अभियान के दौरान मुस्तैदी से डटे रहे। पुलिस ने रेस्क्यू अभियान, भीड़ नियंत्रण और आवश्यक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाली। शव बरामद होने के बाद पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुख की इस घड़ी में वंदेमातरम सेवा समिति एवं बोल बम सेवा समिति के अध्यक्ष भानु चंद्राकर के नेतृत्व में समिति के सदस्य लगातार सक्रिय रहे। शव बरामद होने के बाद समिति के कार्यकर्ताओं ने एम्बुलेंस वाहन की व्यवस्था कर शव को पोस्टमार्टम हेतु मर्चुरी तक पहुंचाने में सहयोग किया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!