पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता आज भी कर रही याद – मोहन लालवानी
श्री बघेल के कार्यकाल में स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल जैसी कई योजनाएं साबित हुई मील का पत्थर
पेट्रोल-डीजल के साथ गैस सिलेण्डर के दामों बेहताशा वृद्धि से आम जनता हो चुकी है त्रस्त

धमतरी । पूर्व कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहन लालवानी ने हाईवे चैनल के जिला कार्यालय पहुंचे जहां उन्होने विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली सरकार ने किसानों, मजदूरों, महिलाओं और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाएं संचालित की थीं, जिनका लाभ आज भी प्रदेश की जनता को याद है। मोहन लालवानी ने बताया कि भूपेश बघेल सरकार द्वारा शुरू की गई राजीव गांधी किसान न्याय योजना, गोधन न्याय योजना, नरवा-गरवा-घुरवा-बाड़ी कार्यक्रम, राजीव युवा मितान क्लब, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय योजना तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने वाली कई योजनाओं ने प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इन योजनाओं के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने, पशुपालकों को प्रोत्साहन देने तथा युवाओं एवं विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का कार्य किया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा कृषि क्षेत्र को विशेष प्राथमिकता दी गई थी। प्रदेश के किसानों को समर्थन मूल्य एवं विभिन्न प्रोत्साहन योजनाओं का लाभ मिला, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई। मोहन लालवानी ने कहा कि भूपेश बघेल के कार्यकाल में जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई और सरकार की योजनाएं सीधे आम लोगों तक पहुंचीं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे इन जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाएं ताकि प्रदेश के विकास में पूर्व सरकार के योगदान से लोग अवगत हो सकें। किसान, युवा, महिला और ग्रामीण विकास को केंद्र में रखकर बनाई गई योजनाएं भूपेश बघेल सरकार की पहचान रही हैं। जनता आज भी उन योजनाओं को याद करती है।
मोहन लालवानी ने आगे कहा कि श्री बघेल के कार्यकाल में स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल योजना मील का पत्थर साबित हुई जिसका लाभ हजारों छात्र-छात्राओं को लगातार मिल रहा है। इससे वे बेहतर शिक्षा अर्जित कर भविष्य की नींव मजबूत कर रहे है। श्री लालवानी ने कहा कि भाजपा राज में लगातार मंहगाई आसमान छू रही है। पेट्रोल-डीजल के साथ गैस सिलेण्डर के दामों बेहताशा वृद्धि से आम जनता त्रस्त हो चुकी है।