नगर निगम घेराव आपसी प्रतिस्पर्धा का परिणाम, विकास कार्यों में बाधा डालना कांग्रेस की पुरानी मानसिकता : महेंद्र पंडित

धमतरी। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता महेंद्र पंडित ने नगर निगम के घेराव को कांग्रेस की आपसी प्रतिस्पर्धा और राजनीतिक हताशा का परिणाम बताते हुए कहा कि कांग्रेस न तो जनहित के कार्य कर सकती है और न ही जनता के हित में हो रहे विकास कार्यों को देख सकती है।
उन्होंने कहा नगर निगम का घेराव धमतरी के चहुँमुखी विकास के विरोध का प्रतीक बनकर सामने आया है। यह जनता के सामने कांग्रेस की वास्तविक सोच और मानसिकता को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को वह समय नहीं भूलना चाहिए, जब प्रदेश और धमतरी नगर निगम दोनों जगह उनकी सरकार थी। उस दौरान पूरे छत्तीसगढ़ के लगभग 18 लाख गरीब परिवारों के प्रधानमंत्री आवास योजना के मकानों को रोक दिया गया था, जिनमें धमतरी के हजारों पात्र परिवार भी शामिल थे।
महेंद्र पंडित ने कहा कि जनता के आशीर्वाद से प्रदेश और धमतरी नगर निगम में भाजपा की सरकार बनने के बाद आवास से वंचित हितग्राहियों को उनका अधिकार दिलाया गया। पूरे प्रदेश में लाखों तथा धमतरी नगर निगम क्षेत्र में हजारों आवास स्वीकृत किए गए, जिनमें से लगभग 60 प्रतिशत आवास पूर्ण भी हो चुके हैं। यह भाजपा सरकार की गरीब कल्याण और विकास के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मानसिकता हमेशा से विकास विरोधी रही है। जब जनता के हित में कार्य होते हैं तो कांग्रेस के नेता घड़ियाली आंसू बहाकर केवल राजनीतिक माहौल बनाने का प्रयास करते हैं, लेकिन अब जनता सब कुछ समझ चुकी है और विकास -जनसेवा और झूठे दिखावे के बीच का अंतर भली-भांति जानती है।
महेंद्र पंडित ने कांग्रेस नेताओं से आग्रह करते हुए कहा कि यदि वे वास्तव में धमतरी की जनता का भला चाहते हैं तो अनावश्यक घेराव और विरोध प्रदर्शन की राजनीति छोड़कर नगर के विकास में सकारात्मक सहयोग करें। उन्होंने कहा कि जनहित और विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देने वाले धमतरी के लोकप्रिय महापौर रामू रोहरा के साथ बैठकर शहर के विकास के लिए सुझाव दें और सहभागी बनें, न कि विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न करें।
उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य राजनीति नहीं, बल्कि सेवा, विकास और जनता के विश्वास को मजबूत करना है। धमतरी का निरंतर विकास ही भाजपा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
महेंद्र पंडित ने कहा कि भाजपा सरकार केवल पूर्ण हो चुके विकास कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि आगामी समय में भी जनहित के अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पट्टा विहीन पात्र परिवारों को भी नियमानुसार पट्टा प्रदान करने की दिशा में सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है। इसके लिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने लगातार संघर्ष किया है। उन्होंने कहा कि 15 मार्च 2023 का दिन वे कभी नहीं भूल सकते, जब गरीबों को आवास और भूमि पट्टे का अधिकार दिलाने की मांग को लेकर किए गए प्रदर्शन के दौरान तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने आंदोलन को बलपूर्वक दबाने का प्रयास किया। उस प्रदर्शन में उन्हें स्वयं भी पसली में गंभीर चोट आई थी। इसके बावजूद गरीबों के अधिकारों की लड़ाई रुकी नहीं और भाजपा कार्यकर्ता लगातार उनके हक के लिए संघर्ष करते रहे। उन्होंने कहा कि भाजपा का संकल्प है कि प्रत्येक पात्र परिवार को आवास और भूमि के अधिकार का लाभ दिलाया जाए तथा कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति शासन की योजनाओं से वंचित न रहे।

