सोरिद वार्ड में पट्टा सर्वे का सभापति कौशिल्या देवांगन ने किया निरीक्षण
15 अगस्त तक पूरा होगा सर्वे, पात्र परिवारों को मिलेगा भूमि का मालिकाना हक

धमतरी- नगर पालिक निगम धमतरी के सोरिद वार्ड में चल रहे पट्टा सर्वे अभियान का सभापति (स्पीकर) कौशिल्या देवांगन ने निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने नगर निगम एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप सर्वे कार्य को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और समयबद्ध तरीके से पूर्ण करते हुए 15 अगस्त तक हर हाल में पूरा किया जाए, ताकि पात्र परिवारों को शीघ्र भूमि का मालिकाना हक प्रदान किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान सभापति कौशिल्या देवांगन ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा की मंशा है कि वर्षों से शासकीय भूमि पर निवास कर रहे पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों को उनका वैधानिक अधिकार दिलाया जाए। इसी उद्देश्य से नगर निगम और राजस्व विभाग संयुक्त रूप से वार्डों में व्यापक सर्वे अभियान चला रहे हैं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सर्वे के दौरान प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण किया जाए तथा किसी भी पात्र हितग्राही को योजना के लाभ से वंचित न रखा जाए। साथ ही नागरिकों को किसी प्रकार की अनावश्यक असुविधा न हो, इसका भी विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि सर्वे प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष एवं संवेदनशील होनी चाहिए, ताकि वास्तविक पात्र परिवारों को ही इसका लाभ मिल सके।
सभापति ने कहा कि सर्वे पूर्ण होने के बाद पात्रता के आधार पर पट्टा वितरण की प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी। इससे हजारों परिवारों को स्थायी आवासीय अधिकार प्राप्त होंगे और वे प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए भी पात्र बन सकेंगे। यह अभियान केवल भूमि का पट्टा देने तक सीमित नहीं है, बल्कि गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में राज्य सरकार का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों से आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने और निर्धारित समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सभापति ने विश्वास व्यक्त किया कि 15 अगस्त तक सर्वे कार्य पूर्ण कर पात्र हितग्राहियों को पट्टा वितरण की दिशा में प्रभावी पहल की जाएगी, जिससे स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अनेक परिवारों का वर्षों पुराना सपना साकार होगा।