Uncategorized

धमतरी में ईडी की दबिश से हड़कंप, अपर कलेक्टर चेतन बोरघरिया के घर छापेमारी

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के करीबी रहे हैं बोरघरिया, ओएसडी की भी निभा चुके हैं जिम्मेदारी

धमतरी। प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई से मंगलवार को धमतरी और बलरामपुर में हड़कंप मच गया। ED की टीम ने धमतरी स्थित अमलतास पुरम में पदस्थ अपर कलेक्टर चेतन बोरघरिया के निवास पर दबिश दी। बताया जा रहा है कि बोरघरिया वर्तमान में बलरामपुर जिले में अपर कलेक्टर के पद पर पदस्थ हैं।
जानकारी के मुताबिक, चेतन बोरघरिया पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के करीबी अधिकारियों में रहे हैं और उनके ओएसडी के रूप में भी कार्य कर चुके हैं। मंगलवार को ED की टीम ने बलरामपुर में भी कार्रवाई की, जिसके बाद बोरघरिया से पूछताछ किए जाने की जानकारी सामने आई है।
सूत्रों के अनुसार, बोरघरिया को पूछताछ के लिए सर्किट हाउस में रखा गया है। वहीं धमतरी के अमलतास पुरम स्थित उनके निवास पर उनके रिश्तेदार मौजूद बताए जा रहे हैं। ED की कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है।
बताया जाता है कि चेतन बोरघरिया मूल रूप से धमतरी जिले के नगरी ब्लॉक के निवासी हैं। एक ही दिन बलरामपुर और धमतरी में ED की कार्रवाई से प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में भी हलचल बढ़ गई है।
हालांकि, ED की कार्रवाई किस मामले से जुड़ी है और छापेमारी के दौरान क्या-क्या दस्तावेज या अन्य सामग्री बरामद हुई है, इसकी आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। आधिकारिक पुष्टि के बाद ही कार्रवाई से जुड़ी पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!