चार मिनट में 100 देशों के झंडे पहचानने वाली नन्हीं कृधा का लायंस क्लब ने किया सम्मान
असाधारण प्रतिभा से धमतरी का नाम रोशन, ट्रॉफी एवं सम्मान-पत्र प्रदान कर किया गया सम्मानित

धमतरी। प्रतिभा उम्र की मोहताज नहीं होती। यदि प्रतिभा के साथ लगन, स्मरण शक्ति और परिवार का प्रोत्साहन हो तो छोटी-सी उम्र में भी बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं। इसका जीवंत उदाहरण धमतरी की नन्हीं प्रतिभावान कृधा अग्रवाल हैं, जिन्होंने अपनी अद्भुत स्मरण शक्ति एवं प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए मात्र 4 मिनट में 100 देशों के झंडों को देखकर उनके नाम बताने की उपलब्धि हासिल की है।
अविनाश एवं खुशबू अग्रवाल की सुपुत्री तथा विजय एवं सरोज अग्रवाल की पौत्री कृधा अग्रवाल ने इतनी कम उम्र में अपनी असाधारण प्रतिभा का प्रदर्शन कर परिवार के साथ-साथ धमतरी और छत्तीसगढ़ का नाम भी गौरवान्वित किया है।
कृधा ने विभिन्न देशों के झंडों को पहचानकर निर्धारित समय में उनके नाम बताने का अद्भुत प्रदर्शन किया। उनकी इस विलक्षण प्रतिभा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता मिली तथा उनका नाम (इंटरनेशनल बुक आफ द ईयर) अंतरराष्ट्रीय रिकॉर्ड बुक में दर्ज किया गया। इतनी कम उम्र में इस प्रकार की उपलब्धि हासिल करना निश्चित रूप से अपने आप में अत्यंत उल्लेखनीय है।
लायंस क्लब धमतरी फ्रेंड्स ने किया सम्मान
कृधा की इस असाधारण उपलब्धि को सम्मानित करते हुए लायंस क्लब धमतरी फ्रेंड्स द्वारा विशेष सम्मान समारोह में उन्हें आकर्षक ट्रॉफी एवं सम्मान-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
विशेष बात यह भी है कि कृधा अग्रवाल का लायंस परिवार से पारिवारिक जुड़ाव है। उनके दादा लायन विजय अग्रवाल लायंस क्लब धमतरी के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं। ऐसे में लायंस परिवार द्वारा उनकी प्रतिभा का सम्मान किया जाना पूरे परिवार के लिए विशेष गौरव का अवसर रहा।
