Uncategorized

धमतरी में इस बार 45 फीट ऊंचे रावण का होगा दहन, एकलव्य खेल मैदान में सजेगा दशहरा उत्सव

20 अक्टूबर को रामलीला और रावण दहन का आयोजन, आकर्षक आतिशबाजी के साथ असत्य पर सत्य की जीत का साक्षी बनेगा शहर


धमतरी। असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक विजयादशमी पर्व धमतरी में इस बार नए अंदाज में मनाया जाएगा। नगर निगम द्वारा आयोजित दशहरा उत्सव के लिए एकलव्य खेल मैदान में तैयारियां तेज हो गई हैं। इस वर्ष यहां 45 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। उत्सव के दौरान रामलीला की प्रस्तुति के साथ आकर्षक आतिशबाजी भी मुख्य आकर्षण रहेगी। शहर में वर्षों से बिलाईमाता मंदिर के पास स्थित मैदान में दशहरा उत्सव के अवसर पर रावण दहन किया जाता रहा है, लेकिन इस बार आयोजन स्थल में बदलाव किया गया है। अब बालक उच्चतर माध्यमिक शाला के पीछे स्थित एकलव्य खेल मैदान में रामलीला और रावण दहन का कार्यक्रम आयोजित होगा। आयोजन को लेकर मैदान में आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
रामलीला के साथ होगा रावण दहन
नगर निगम की ओर से आयोजित कार्यक्रम में 20 अक्टूबर को शाम 6 बजे रामलीला का मंचन शुरू होगा। रामलीला मंडली अछोटा द्वारा प्रस्तुति दी जाएगी। इसके बाद बुराई के प्रतीक रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। कार्यक्रम को गरिमामय और आकर्षक बनाने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं।
दर्शकों के बैठने के लिए होगी व्यवस्था
आयोजन स्थल पर दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए करीब 300 कुर्सियां लगाई जाएंगी। इसके अतिरिक्त बैठने के लिए दरी की व्यवस्था भी की जाएगी। मैदान में पर्याप्त जगह होने से लोगों को कार्यक्रम देखने में सुविधा मिलने की उम्मीद है। रावण के पुतले को मैदान के बीचों-बीच स्थापित किया जाएगा, ताकि दर्शक आसानी से रावण दहन का नजारा देख सकें।
आतिशबाजी रहेगी आकर्षण का केंद्र
इस बार रावण का पुतला पिछले वर्षों की तुलना में पांच फीट अधिक ऊंचा होगा। आमतौर पर धमतरी में 40 फीट ऊंचे रावण का निर्माण किया जाता रहा है, जबकि इस बार 45 फीट का पुतला तैयार किया जा रहा है। रावण दहन के बाद आकर्षक आतिशबाजी भी की जाएगी, जो उत्सव में चार चांद लगाएगी। आयोजन को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!