Uncategorized

भखारा-भठेली की सड़क का होगा डामरीकरण, तालाबों और फुलवारी का होगा कायाकल्प

ट्रेलर माउंटेड सक्शन मशीन और ई-रिक्शा की भी मिलेगी सुविधा, स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण को मिलेगा बढ़ावा


भखारा। नगर के विकास को नई गति मिलने जा रही है। नगर की प्रमुख अंदरूनी सड़क का डामरीकरण किया जाएगा। वहीं वार्ड क्रमांक 13 स्थित फुलवारी डबरी का उन्नयन कार्य होगा तथा वार्ड क्रमांक 15 के तालाब को नया स्वरूप दिया जाएगा। इसके साथ ही वार्ड क्रमांक 15 स्थित खदान तालाब में वर्षा जल संचयन एवं जल पुनर्चक्रण के लिए आवश्यक कार्य कराए जाएंगे। नगर की स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए ट्रेलर माउंटेड सक्शन मशीन तथा ई-रिक्शा की व्यवस्था भी की जाएगी। भखारा के वार्ड 6 के आंगनबाड़ी से लेकर वार्ड 4,5,7 होते हुए डुमराही शीतला तालाब तक बीटी रोड निर्माण कार्य होगा। वही भठेली के दंतेश्वरी मंदिर से रंगमंच तक बीटी रोड निर्माण कार्य होगा। नगर को स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर पहचान दिलाने और स्टार रेटिंग की तैयारी के अंतर्गत जीएफसी (गार्बेज फ्री सिटी) के निर्धारित मानकों के अनुरूप आवश्यक कार्य किए जाएंगे। इससे नगर की सफाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता को मजबूती मिलेगी। इन विकास कार्यों के लिए नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ज्योति हरख जैन द्वारा परिषद के प्रस्ताव शासन को भेजे गए थे। विधायक अजय चंद्राकर के मार्गदर्शन एवं प्रयासों के अनुरूप इन प्रस्तावों को स्वीकृति प्राप्त हुई है तथा संबंधित कार्यों के लिए राशि भी स्वीकृत हो गई है। नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति हरख जैन ने कहा कि हमारा उद्देश्य भखारा-भठेली को विकास और स्वच्छता के क्षेत्र में नई पहचान दिलाना है। सड़क, तालाब, सार्वजनिक स्थलों के उन्नयन से लेकर आधुनिक स्वच्छता संसाधनों की उपलब्धता तक, हर क्षेत्र में नगरवासियों को बेहतर सुविधाएं देने का प्रयास किया जा रहा है। आने वाले समय में इन कार्यों का सकारात्मक परिणाम और नगर का बदला हुआ स्वरूप देखने को मिलेगा। उन्होंने इन महत्वपूर्ण विकास कार्यों की स्वीकृति के लिए कुरूद विधानसभा के विधायक अजय चंद्राकर का हृदय से आभार व्यक्त किया। साथ ही मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के प्रति भी धन्यवाद ज्ञापित किया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!