जालमपुर में दुर्गाेत्सव का अनूठा आकर्षण बनी भूतिया झांकी, रोमांच और डर का अनुभव करने उमड़ रही भीड़
नव युवक दुर्गा उत्सव समिति ने तैयार किया आकर्षक पंडाल, बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में दिख रहा उत्साह, शहरभर में हो रही चर्चा

धमतरी। शारदीय नवरात्र के अवसर पर शहर में जगह-जगह मां दुर्गा की आकर्षक प्रतिमाओं और भव्य पंडालों के माध्यम से श्रद्धा, भक्ति और रचनात्मकता का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में धमतरी के जालमपुर वार्ड में नव युवक दुर्गा उत्सव समिति द्वारा तैयार किया गया आकर्षक पंडाल लोगों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। समिति ने इस बार पंडाल को अलग अंदाज में सजाने के साथ ही यहां विभिन्न प्रकार की झांकियां तैयार की हैं। इनमें सबसे ज्यादा चर्चा एक अनूठी भूतिया झांकी की हो रही है, जिसे देखने के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। जालमपुर में बनाई गई यह भूतिया झांकी नवरात्र उत्सव को एक अलग रोमांचक अनुभव दे रही है। झांकी के भीतर प्रवेश करते ही लोगों को डर और रोमांच का एहसास होता है। इसके अनोखे स्वरूप और डरावने माहौल को देखने के लिए बच्चों, महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों में भी खासा उत्साह दिखाई दे रहा है। लोग इस झांकी का अनुभव लेने के लिए पहुंच रहे हैं और इसे देखकर रोमांचित हो रहे हैं।
भक्ति के साथ रोमांच का अनूठा संगम
नवरात्र के दौरान आमतौर पर दुर्गा पंडालों में धार्मिक झांकियां, देवी-देवताओं की आकर्षक प्रस्तुतियां और पौराणिक प्रसंगों पर आधारित सजावट देखने को मिलती है। लेकिन जालमपुर वार्ड में नव युवक दुर्गा उत्सव समिति ने परंपरागत आयोजन के साथ कुछ अलग करने का प्रयास किया है। भूतिया झांकी के माध्यम से लोगों को ऐसा अनुभव दिया जा रहा है, जो सामान्य धार्मिक पंडालों से अलग है। यही वजह है कि यह झांकी स्थानीय लोगों के साथ ही शहर के अन्य क्षेत्रों से आने वाले लोगों के बीच भी चर्चा का विषय बनी हुई है।


