Uncategorized

पुलिस स्मृति दिवस पर रक्षित केंद्र रूद्री में अमर शहीदों को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि, वीरता, त्याग और सर्वोच्च बलिदान को किया नमन

एसपी भावना पांडेय ने शहीद जवानों के नामों का किया वाचन, शोक शस्त्र के साथ शहीद परेड एवं सलामी देकर वीर सपूतों को दी श्रद्धांजलि

एसपी , एडीएम, एएसपी, महापौर एवं गणमान्य नागरिकों ने शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर वीर शहीदों को किया नमन, शहीद जवानों के परिजनों से आत्मीय भेंट कर जाना कुशलक्षेम

पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर रक्षित केंद्र रूद्री, धमतरी में गरिमामय एवं भावपूर्ण श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। समारोह में देश की आंतरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था एवं नागरिकों की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिस जवानों को श्रद्धासुमन अर्पित कर नमन किया गया। उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने शहीदों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण को स्मरण करते हुए उनके बलिदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय ने शहीद जवानों के नामवली का वाचन कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शहीदों के साहस, त्याग और कर्तव्य के प्रति अटूट निष्ठा को पुलिस बल की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि देश और समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवान सदैव हमारे प्रेरणास्रोत रहेंगे। उनका सर्वोच्च बलिदान पुलिस बल के प्रत्येक सदस्य को निष्ठा, साहस एवं समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता रहेगा।

शोक शस्त्र के साथ शहीद परेड, वीर जवानों को दी गई सलामी

श्रद्धांजलि समारोह के दौरान परि.सूबेदार ललिता मरावी,एवं तापेश्वर सिंह राजपूत के नेतृत्व में पुलिस जवानों ने शोक शस्त्र के साथ शहीद परेड कर वीर शहीदों को सलामी दी। उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मौन धारण कर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके पश्चात शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर राष्ट्र एवं समाज की सुरक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सपूतों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता प्रकट की गई।

21 अक्टूबर का ऐतिहासिक महत्व,154 वीर पुलिस जवानों का स्मरण

उल्लेखनीय है कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सैनिकों के हमले में शहीद हुए 10 केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों की स्मृति में प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। यह दिवस देश की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दौरान अपने प्राणों का बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का अवसर है।
समारोह में 01 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक देशभर में कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए 154 वीर पुलिस जवानों सहित जिले के शहीद जवानों को भी श्रद्धापूर्वक याद किया गया।

कार्यक्रम के उपरांत पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय, महापौर श्री रामू रोहरा,अपर कलेक्टर एवं एसडीएम ने शहीद जवानों के परिजनों से आत्मीय मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा संवाद के माध्यम से उनकी भावनाओं, समस्याओं एवं आवश्यकताओं को संवेदनशीलता से समझा।

समारोह का संचालन सेवानिवृत्त प्राध्यापक चंद्रशेखर शर्मा ने किया।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय, अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा देहारी, डीएसपी भानु प्रताप चंद्राकर,एसडीएम श्रीमती कल्पना ध्रुव,होमगार्ड कमांडेंट श्रीमती शोभा ठाकुर, सीएमएचओ.श्री आदित्य सिन्हा,सिविल सर्जन अरुण टोंडर, डीपीओ अजय सिंह,रक्षित निरीक्षक विपुल आनंद जांगड़े आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!