Uncategorized

मिशन नब्बे पार के तहत जिला शिक्षा अधिकारी ने किया विद्यालयों का सघन निरीक्षण

बोर्ड परीक्षा परिणाम में सुधार के लिए अतिरिक्त एवं उपचारात्मक कक्षाएं संचालित करने के निर्देश

धमतरी- जिले में बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम को बेहतर बनाने और अधिकाधिक विद्यार्थियों को उत्कृष्ट अंक दिलाने के उद्देश्य से संचालित मिशन नब्बे पार के तहत जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती मधुलिका तिवारी ने शनिवार को विभिन्न विद्यालयों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों, पाठ्यक्रम पूर्णता, विद्यार्थियों की उपस्थिति तथा परीक्षा परिणाम में सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने संबंधित प्राचार्यों एवं शिक्षकों को निर्धारित समय-सीमा में पाठ्यक्रम पूर्ण कराने तथा कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
ओरेकल पब्लिक स्कूल, धमतरी (अशासकीय) के निरीक्षण के दौरान शासन द्वारा निर्धारित समय-सीमा में पाठ्यक्रम पूर्ण नहीं होने पर जिला शिक्षा अधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को शीघ्र पाठ्यक्रम पूर्ण कराने के लिए अतिरिक्त कक्षाएं संचालित करने तथा कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष उपचारात्मक कक्षाएं आयोजित करने के निर्देश दिए।
स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, चर्रा में प्राचार्य ने बताया कि त्रैमासिक परीक्षा परिणाम के आधार पर विद्यार्थियों का स्तरवार चिन्हांकन कर उपचारात्मक कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। साथ ही पालकों, विशेषकर माताओं से संपर्क कर बच्चों की शैक्षणिक प्रगति एवं परीक्षा परिणाम में सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी जा रही है। जिला शिक्षा अधिकारी ने मेरिट सूची में स्थान बनाने के लिए चिन्हांकित विद्यार्थियों से चर्चा कर उन्हें बोर्ड परीक्षा में अधिकतम अंक प्राप्त करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया। उन्होंने प्राचार्य को ऐसे विद्यार्थियों से उत्तर पुस्तिका लेखन का नियमित एवं विशेष अभ्यास कराने तथा अभ्यास पुस्तिकाओं की प्रतियां प्राचार्य समूह में साझा करने के निर्देश दिए। विद्यालय में राजनीति विज्ञान के व्याख्याता की अनुपलब्धता के बावजूद प्राचार्य द्वारा अन्य संबंधित विषय के व्याख्याता से समन्वय कर अध्यापन की व्यवस्था किए जाने पर उन्होंने सराहना की।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बगौद में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए प्राचार्य को पालकों से निरंतर संपर्क बनाए रखने, अनुपस्थिति के कारणों का पता लगाने तथा आवश्यकता के अनुसार विद्यार्थियों की काउंसलिंग कराने के निर्देश दिए गए। शिक्षकों ने बताया कि विद्यार्थियों को नशे से दूर रखने के लिए पूर्व में काउंसलिंग सत्र आयोजित किया गया था। इस पर जिला शिक्षा अधिकारी ने ऐसे जागरूकता एवं परामर्श सत्र पुनः आयोजित करने को कहा। वहीं, विद्यार्थियों की अनियमित उपस्थिति में सुधार के लिए प्रभावी प्रयास नहीं किए जाने तथा किचन गार्डन का समुचित संचालन नहीं होने पर संस्था प्रमुख से स्पष्टीकरण मांगा गया।
शासकीय हाईस्कूल, भूसरेंगा के निरीक्षण में विज्ञान विषय का पाठ्यक्रम संतोषजनक रूप से पूर्ण नहीं पाया गया। इस पर जिला शिक्षा अधिकारी ने प्राचार्य को संबंधित विषय के व्याख्याताओं के सहयोग से शीघ्र पाठ्यक्रम पूर्ण कराने के निर्देश दिए। आवश्यकता के अनुसार यूट्यूब आधारित शैक्षणिक कक्षाओं तथा पीएम ई-विद्या के माध्यम से भी विद्यार्थियों को अध्ययन कराने की बात कही।
जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती तिवारी ने स्पष्ट किया कि ‘मिशन नब्बे पार’ का उद्देश्य केवल पाठ्यक्रम पूरा कराना नहीं, बल्कि प्रत्येक विद्यार्थी की शैक्षणिक क्षमता को पहचानकर उसे बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार करना है। इसके लिए शिक्षकों को नियमित अभ्यास, व्यक्तिगत मार्गदर्शन, कमजोर विद्यार्थियों के लिए उपचारात्मक शिक्षण तथा मेधावी विद्यार्थियों के लिए विशेष तैयारी पर समान रूप से ध्यान देना होगा।निरीक्षण के दौरान सहायक संचालक कीर्तिकुमार साहू एवं एपीसी अजय कुमार पाण्डेय उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!