Uncategorized

जनजातीय गौरव दिवस पर नरहरपुर में रंजना साहू ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

जनजातीय गौरव दिवस पर रंजना साहू ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा को किया नमन, कहा– प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनजातीय महापुरुषों को दिलाया राष्ट्रीय सम्मान

धमतरी- महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, जननायक एवं जनजातीय समाज के गौरव धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर 15 नवंबर को देशभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर उनके अद्वितीय योगदान को याद किया जा रहा है । इसी कड़ी में कांकेर जिले के नगर पंचायत नरहरपुर में स्थापित भगवान बिरसा मुंडा जी की प्रतिमा पर भाजपा कांकेर जिला संगठन प्रभारी, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं धमतरी की पूर्व विधायक श्रीमती रंजना डीपेंद्र साहू ने स्थानीय भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए और उन्हें नमन किया। इस अवसर पर श्रीमती रंजना साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आव्हान एवं दूरदर्शी पहल से भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में राष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान मिली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाकर जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति, परंपराओं और राष्ट्र के प्रति उनके अतुलनीय योगदान को सम्मान देने का कार्य किया।
उन्होंने कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जी भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के ऐसे महान जननायक थे, जिन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के अत्याचारों और शोषण के विरुद्ध संघर्ष करते हुए जनजातीय समाज में स्वाभिमान, अधिकारों और स्वतंत्रता की चेतना जागृत की। उन्होंने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के साथ-साथ जनजातीय समाज की अस्मिता, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया। उनका जीवन अदम्य साहस, त्याग, तपस्या और राष्ट्रभक्ति का अनुपम उदाहरण है।
श्रीमती साहू ने आगे कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जी का संघर्ष केवल अंग्रेजी शासन के विरुद्ध नहीं था, बल्कि यह अन्याय, शोषण और सामाजिक उत्पीड़न के खिलाफ जनजागरण का भी प्रतीक था। उन्होंने जनजातीय समाज को संगठित कर अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया और स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका जीवन हमें सिखाता है कि अपने समाज, संस्कृति, स्वाभिमान और राष्ट्र की रक्षा के लिए दृढ़ संकल्प के साथ संघर्ष करना चाहिए। श्रीमती रंजना साहू ने बताया कि जनजातीय गौरव दिवस के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा जी सहित देश के अनेक जनजातीय वीरों और स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को स्मरण करने का अवसर मिलता है। यह दिवस केवल एक जयंती समारोह नहीं, बल्कि जनजातीय समाज के सम्मान, स्वाभिमान और गौरवशाली विरासत के प्रति राष्ट्र की कृतज्ञता व्यक्त करने का पर्व है।
कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जी के आदर्शों को आत्मसात करने तथा जनजातीय समाज के सम्मान, अधिकारों, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!