Uncategorized

संविधान दिवस पर भाजयुमो द्वारा संगोष्ठी का आयोजन, युवाओं को संविधान एवं राष्ट्रवाद के प्रति किया जागरूक

युवाओं को संविधान की मूल भावना को समझकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए- राहुल इंदर चोपड़ा

धमतरी । भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा व प्रदेश विधि व तकनीक प्रमुख प्रणय थिटे के निर्देशनानुसार संविधान दिवस के अवसर पर जिला धमतरी में भोथली मंडल के ग्राम सेमरा बी में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) द्वारा संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में सर्वप्रथम प्रदेश विधि एवं तकनीकी प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-प्रमुख राहुल इंदर चोपड़ा ने अपने उद्बोधन में भारतीय संविधान की निर्माण प्रक्रिया, उसकी विशेषताओं, मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संविधान प्रत्येक भारतीय नागरिक को समानता, स्वतंत्रता एवं न्याय का अधिकार प्रदान करता है। युवाओं को संविधान की मूल भावना को समझकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
इसके पश्चात जिला महामंत्री ओमेश यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारतीय संविधान केवल कानून की पुस्तक नहीं, बल्कि भारत के लोकतंत्र, राष्ट्रीय एकता और अखंडता का मजबूत आधार है। 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा द्वारा संविधान अंगीकृत किया गया था। बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान को स्मरण करते हुए उन्होंने कहा कि संविधान हमें अधिकारों के साथ-साथ राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों का भी बोध कराता है।
विद्यार्थियों एवं युवाओं से आह्वान किया गया कि वे संविधान के मूल्यों को आत्मसात कर जिम्मेदार नागरिक बनें तथा विकसित और सशक्त भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम में भाजपा भोथली मंडल अध्यक्ष मिश्रीलाल पटेल, जनपद उपाध्यक्ष केशव साहू, भाजयुमो जिला मंत्री आयुष दीवान, मंडल महामंत्री तुषार साहू, शिक्षक योगेश साहू सहित विद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं में संवैधानिक जागरूकता, राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रवाद की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!