Uncategorized

कस्टम मिलिंग में लापरवाही पर प्रशासन की कार्रवाई, 550 क्विंटल धान जब्त

कस्टम मिलिंग का चावल जमा नहीं करने और शर्तों के उल्लंघन पर कुरूद की शिवनाथ राइस इंडस्ट्रीज पर कार्रवाई, 17 राइस मिलों को पहले ही किया जा चुका है नोटिस जारी

धमतरी- समर्थन मूल्य पर किसानों से धान खरीदी के बाद कस्टम मिलिंग की प्रक्रिया में लापरवाही बरतने वाले राइस मिलर्स के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। इसी कड़ी में खाद्य विभाग और मार्कफेड के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने कुरूद स्थित शिवनाथ राइस इंडस्ट्रीज में जांच कर 550 क्विंटल धान जब्त किया है। जब्त धान की अनुमानित कीमत करीब 14 लाख रुपये बताई गई है।
जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि संबंधित राइस मिल द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में समर्थन मूल्य पर उपार्जित धान की कस्टम मिलिंग के तहत तैयार चावल निर्धारित मात्रा में जमा नहीं कराया गया था। कस्टम मिलिंग कार्य में लापरवाही और अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन पाए जाने पर टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए 550 क्विंटल धान जब्त कर लिया।
खाद्य विभाग के अनुसार, कस्टम मिलिंग चावल उपार्जन आदेश-2016 की कंडिका 3/7 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के प्रावधानों के तहत यह कार्रवाई की गई है। जिले में कस्टम मिलिंग के तहत चावल जमा नहीं करने और कार्य में लापरवाही बरतने वाले 17 राइस मिलर्स को भी नोटिस जारी किया जा चुका है।

धान खरीदी में 124465 किसानों ने बेचा 5.96 लाख मीट्रिक टन धान

जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन के लिए कुल 1,29,593 किसानों ने पंजीयन कराया था। इनमें 73,987 सीमांत, 53,154 लघु और 2,452 दीर्घ कृषक शामिल हैं। पंजीकृत किसानों के पास कुल 1,27,713.74 हेक्टेयर रकबा दर्ज था। इनमें से 1,24,465 किसानों से 5,96,522.16 मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई, जिसकी कुल राशि 1,41,432.62 लाख रुपये रही।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कस्टम मिलिंग के तहत चावल जमा नहीं करने और निर्धारित प्रक्रिया में लापरवाही बरतने वाले राइस मिलर्स के विरुद्ध आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। खाद्य अधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुरूप धान उपार्जन और कस्टम मिलिंग व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए निगरानी की जा रही है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!