Uncategorized

मगरलोड से चोरी हुई मोटरसाइकिल रायपुर से बरामद,आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल

शराब दुकान के बाहर से बाइक चोरी कर रायपुर में बेचने की फिराक में था आरोपी, मगरलोड पुलिस ने किया गिरफ्तार

पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में चोरी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में थाना मगरलोड पुलिस ने अंतरजिला पुलिस समन्वय एवं रायपुर पुलिस के सहयोग से मोटरसाइकिल चोरी के मामले का सफल खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी जालम सिंह साहू निवासी ग्राम भरदा, थाना मगरलोड ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 10 नवम्बर को शाम के समय वह अपनी हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 04 के ई 1483 से ग्राम भरदा स्थित देशी शराब दुकान गया था। उसने अपनी मोटरसाइकिल दुकान के मुख्य गेट के पास खड़ी की थी। कुछ समय बाद वापस आने पर मोटरसाइकिल वहां से गायब मिली। आसपास तलाश करने के बावजूद मोटरसाइकिल का पता नहीं चलने पर प्रार्थी ने थाना मगरलोड में रिपोर्ट दर्ज कराई।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना मगरलोड में अपराध क्रमांक 245/2026, धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान थाना खमतराई, जिला रायपुर पुलिस से सूचना प्राप्त हुई कि एक संदिग्ध व्यक्ति चोरी की मोटरसाइकिल को बेचने के उद्देश्य से भनपुरी चौक के पास ग्राहक तलाश रहा है। सूचना पर खमतराई पुलिस द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए संदिग्ध व्यक्ति को मोटरसाइकिल सहित पकड़ा गया।
सूचना मिलते ही थाना मगरलोड पुलिस की टीम तत्काल रायपुर रवाना हुई तथा आरोपी को चोरी की मोटरसाइकिल सहित अभिरक्षा में लेकर थाना मगरलोड लाया गया।

*चाबी लगाते ही चालू हो गई बाइक, आरोपी ने किया चोरी का खुलासा*

पुलिस पूछताछ में आरोपी प्रेम दुबे ने बताया कि वह 10 नवम्बर को बस से मगरलोड आया था। ग्राम भरदा स्थित देशी शराब दुकान के पास खड़ी हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल को देखकर उसने अपनी जेब में रखी चाबी लगाई, जिससे मोटरसाइकिल चालू हो गई। इसके बाद वह मोटरसाइकिल लेकर रायपुर चला गया। पहचान छिपाने के उद्देश्य से उसने बाइक का अगला हिस्सा (वाइजर) एवं टंकी क्षतिग्रस्त कर दी थी।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी गई हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल अनुमानित कीमत 15,000 रुपये को विधिवत जप्त किया.मामले में पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी प्रेम दुबे फोकट पारा रायपुर को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक मजिस्ट्रेट, कुरुद के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!