Uncategorized

चरमुडिय़ा महानदी मुख्य नहर में 4.29 करोड़ की लागत से होगा क्रॉस रेग्युलेटर कार्य, हुआ भूमिपूजन

कुरुद विधायक अजय चंद्राकर ने किसानों से की जैविक और वैज्ञानिक खेती अपनाने, लागत कम करने और नवाचार को बढ़ावा देने की अपील


कुरुद। कुरूद क्षेत्र की सिंचाई व्यवस्था अब नई रफ्तार पकडऩे वाली है। ग्राम चरमुडिय़ा में महानदी मुख्य नहर पर 4.29 करोड़ की लागत से बनने वाले क्रॉस रेग्युलेटर एवं सुरक्षात्मक निर्माण कार्य का भूमिपूजन क्षेत्रीय विधायक अजय चंद्राकर ने किया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना सिर्फ निर्माण नहीं किसानों की सांस में भरोसा और खेतों में हरियाली भरने का संकल्प है। कार्यक्रम में विधायक चंद्राकर ने स्पष्ट कहा कि खेती की सफलता पानी के सही समय पर मिलने पर निर्भर करती है। जरूरत के समय पानी कम मिला तो विवाद बढ़ते हैं और फसल जोखिम में पड़ जाती है। इन्हीं समस्याओं का स्थायी समाधान करने के लिए महानदी मुख्य नहर आरडी 28.89 किमी पर यह अत्याधुनिक क्रॉस रेग्युलेटर बनाया जा रहा है, जिसे भाजपा की साय सरकार ने मंजूरी दी है। इस निर्माण से खेतों तक नियमित और संतुलित सिंचाई पहुँचेगी, नहर के जलस्तर पर सटीक नियंत्रण मिलेगा, क्षेत्र के गांवों की पेयजल समस्या में भी राहत होगी, किसानी को नई उड़ान मिलेगी। श्री चंद्राकर ने कहा कि छत्तीसगढ़ का किसान सिर्फ अन्नदाता नहीं, बल्कि विकसित भारत का निर्माता है। उन्होंने किसानों से जैविक और वैज्ञानिक खेती अपनाने, लागत कम करने और नवाचार को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने उन प्रगतिशील किसानों का विशेष उल्लेख किया जिनकी मेहनत से क्षेत्र और जिला लगातार गौरवान्वित हो रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले वर्षों में सिंचाई प्रणाली मजबूत होगी, पेयजल आपूर्ति स्थिर होगी, कृषि उत्पादन में नई ऊर्जा और तेजी आएगी। विदित हो कि मुख्य नहर के बीच बनाया जाने वाला क्रॉस रेग्युलेटर एक ऐसी हाइड्रोलिक तकनीक है, जो नहर के जलस्तर को नियंत्रित रखते हुए ऑफ-टेक नहरों तक पानी की गैर-रोकटोक आपूर्ति सुनिश्चित करता है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!