Uncategorized

धान उठाव एवं मिलिंग कार्य में तेजी लाने कलेक्टर ने की राइस मिलर्स के साथ समीक्षा बैठक

नागरिक आपूर्ति निगम में 99.05 प्रतिशत तथा भारतीय खाद्य निगम में 78.38 प्रतिशत चावल हुआ जमा

धमतरी-कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में खाद्य विभाग के अधिकारियों एवं जिले के समस्त पंजीकृत राइस मिलर्स की बैठक लेकर उपार्जित धान की मिलिंग एवं उठाव की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा नवीन सिंह देवहारी, खाद्य अधिकारी बसंत कोरम, उप पंजीयक प्रदीप ठाकुर, जिला विपणन अधिकारी सुनील सिंह राजपूत, नोडल अधिकारी जिला सहकारी केंद्रीय बैंक बलरामपुरी गोस्वामी, प्रबंधक भारतीय खाद्य निगम धमतरी मुरारीलाल मीणा, जिला राइस मिलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष नवीन सांखला, पदाधिकारी राजेश गोलछा सहित धमतरी, कुरूद एवं नगरी क्षेत्र के राइस मिलर्स उपस्थित थे।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने उपार्जित धान की मिलिंग कार्य को गति देने एवं शेष धान का शीघ्र उठाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय-सीमा में मिलिंग पूर्ण की जाए। साथ ही अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए उपार्जन, मिलिंग, भंडारण एवं वेयरहाउस से संबंधित समस्याओं का त्वरित निराकरण अपने स्तर पर करने के निर्देश दिए।
बैठक में वर्ष 2025-26 के धान उठाव की समीक्षा में बताया गया कि उपार्जित कुल 5,96,499.40 मीट्रिक टन धान के विरुद्ध 2,82,174.90 मीट्रिक टन का डिलीवरी ऑर्डर (डी.ओ.) एवं 1,21,480 मीट्रिक टन का ट्रांसपोर्ट ऑर्डर (टी.ओ.) जारी किया गया है। जारी डी.ओ. एवं टी.ओ. के विरुद्ध कुल 3,40,109.87 मीट्रिक टन धान का उठाव किया जा चुका है, जबकि उपार्जन केंद्रों में 2,56,389.53 मीट्रिक टन धान का उठाव शेष है। मिलर्स द्वारा जमा प्रतिभूति राशि 507.69 करोड़ रुपये है। कलेक्टर श्री मिश्रा ने समस्त राइस मिलर्स को शेष धान के डी.ओ. जारी कर फरवरी 2026 माह में उपार्जन केंद्रों से धान उठाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में वर्ष 2024-25 के चावल उपार्जन की भी समीक्षा की गई। जिला विपणन अधिकारी ने जानकारी दी कि नागरिक आपूर्ति निगम धमतरी में 99.05 प्रतिशत तथा भारतीय खाद्य निगम धमतरी में 78.38 प्रतिशत चावल जमा किया जा चुका है। शेष चावल शीघ्र जमा कराने हेतु संबंधित मिलर्स को निर्देशित किया गया। कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि मिलर्स अपनी मिलिंग क्षमता के अनुरूप धान का उठाव शीघ्र करें। उन्होंने कहा कि मैदानी जिला होने के कारण परिवहन एवं कनेक्टिविटी की स्थिति बेहतर है, इसके बावजूद अन्य जिलों की तुलना में धान उठाव में पीछे नहीं रहना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी प्रकार की समस्या है तो उसका समाधान किया जाएगा, किंतु कार्य के परिणाम दिखाई देने चाहिए।बैठक में राइस मिलर्स द्वारा परिवहन से संबंधित कुछ समस्याएं भी रखी गईं, जिस पर कलेक्टर ने शीघ्र निराकरण का आश्वासन देते हुए समय पर भारतीय खाद्य निगम में चावल जमा करने के निर्देश दिए।

Ashish Kumar Jain

Editor In Chief Sankalp Bharat News

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!