Uncategorized

पूर्व विधायक पिंकी शिवराज शाह को मिली पीएचडी की उपाधि,समर्थकों में खुशी की लहर, दी जा रही बधाई एवं शुभकामनायें

राजनीति में महिलाओं की भागीदारी का एक राजनीतिक अध्ययन विषय पर प्रस्तुत किया शोध

क्षेत्रवासियों का कहना है कि राजनीति के साथ उच्च शिक्षा और शोध के क्षेत्र में भी उपलब्धि हासिल करना गौरव की बात

धमतरी। सिहावा विधानसभा क्षेत्र की पूर्व भाजपा विधायक पिंकी शिवराज शाह ने शिक्षा एवं अकादमिक क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी (पीएचडी) की उपाधि प्राप्त की है। भारती विश्वविद्यालय, दुर्ग (छत्तीसगढ़) द्वारा राजनीति विज्ञान विषय में उन्हें यह उपाधि प्रदान की गई है। उनकी इस उपलब्धि से धमतरी जिले सहित सिहावा विधानसभा क्षेत्र में हर्ष और उत्साह का माहौल है।
पिंकी शिवराज शाह ने अपना शोध प्रबंध राजनीति विज्ञान विषय के अंतर्गत “नगरी ब्लॉक जिला धमतरी छत्तीसगढ़ की राजनीति में महिलाओं की भागीदारी का एक राजनीतिक अध्ययन” विषय पर प्रस्तुत किया। इस शोध के माध्यम से उन्होंने नगरी ब्लॉक की राजनीति में महिलाओं की भागीदारी, उनकी राजनीतिक भूमिका तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में महिलाओं के योगदान जैसे महत्वपूर्ण विषयों का अकादमिक अध्ययन किया है।
उनके शोध निर्देशक डॉ. सरोज कुमार सिंह, सहायक प्राध्यापक, राजनीति विज्ञान विषय, भारती विश्वविद्यालय दुर्ग रहे। लंबे अध्ययन, शोध एवं परिश्रम के बाद उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की है। राजनीति के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने के साथ-साथ उच्च शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में यह सफलता उनकी शैक्षणिक रुचि और निरंतर सीखने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
पिंकी शिवराज शाह को पीएचडी की उपाधि मिलने की जानकारी सामने आने के बाद से ही उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं देने वालों का तांता लगा हुआ है। भाजपा के कार्यकर्ताओं, समर्थकों, शुभचिंतकों, सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि राजनीति के साथ उच्च शिक्षा और शोध के क्षेत्र में भी उपलब्धि हासिल करना गौरव की बात है। विशेषकर महिलाओं की राजनीति में भागीदारी जैसे महत्वपूर्ण विषय पर शोध करना महिला सशक्तीकरण और राजनीतिक जागरूकता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
पिंकी शिवराज शाह की इस उपलब्धि से उनके समर्थकों और शुभचिंतकों में खासा उत्साह है। लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई है कि वे आगे भी सामाजिक, राजनीतिक एवं शैक्षणिक क्षेत्र में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाती रहेंगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!