Uncategorized

गांधी सागर तालाब सौंदर्यीकरण एवं नगरी को नगर पालिका बनाने की मांग

धमतरी जिला केप्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा से मिले नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा सहित जनप्रतिनिधि, शीघ्र स्वीकृति का मिला आश्वासन

नगरी। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर दुगली प्रवास पर पहुंचे धमतरी जिले के प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा से नगर पंचायत नगरी के अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों ने मुलाकात कर नगर के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को लेकर मांग पत्र सौंपा।
इस दौरान नगर पंचायत नगरी के गांधी सागर तालाब के सौंदर्यीकरण एवं जीर्णोद्धार के लिए 50 लाख रुपये की स्वीकृति तथा नगर पंचायत नगरी को नगर पालिका का दर्जा प्रदान करने की मांग प्रमुखता से रखी गई।
जनप्रतिनिधियों ने प्रभारी मंत्री को बताया कि गांधी सागर तालाब वार्ड क्रमांक 2 से 9 तक निवास करने वाले नागरिकों के लिए स्नान, निस्तारी एवं दैनिक उपयोग की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। गर्मी के दिनों में तालाब के सूख जाने तथा लंबे समय से सौंदर्यीकरण कार्य नहीं होने के कारण नागरिकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। तालाब में पचरी, निर्मल घाट एवं आवश्यक सुविधाओं के अभाव को देखते हुए इसके विकास की तत्काल आवश्यकता है।
मांग पत्र में तालाब के समुचित विकास, सौंदर्यीकरण, घाट निर्माण एवं नागरिकों की सुविधा के लिए राज्य प्रवर्तित मद से 50 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया गया। साथ ही नगरी के बढ़ते विस्तार, जनसंख्या, व्यापारिक गतिविधियों एवं विकास की संभावनाओं को देखते हुए नगर पंचायत नगरी को नगर पालिका का दर्जा देने की मांग भी रखी गई।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, उपाध्यक्ष विकास बोहरा, सभापति शंकर देव, अश्वनी निषाद, चेलेश्वरी साहू, पार्षद देवचरण ध्रुव, मिकी गुप्ता, नरेश पटेल, जयंती टुकेश्वरी साहू, अंबिका ध्रुव एवं यशकरण पटेल एल्डरमैन प्रतिमा देवांगन सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा ने जनप्रतिनिधियों की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए गांधी सागर तालाब के विकास एवं नगरी को नगर पालिका का दर्जा दिलाने के विषय में शीघ्र आवश्यक कार्रवाई एवं स्वीकृति की प्रक्रिया आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि गांधी सागर तालाब का विकास होने से वार्ड 2 से 9 तक के नागरिकों को बड़ी सुविधा मिलेगी, वहीं नगरी को नगर पालिका का दर्जा मिलने से शहर के समग्र एवं सुनियोजित विकास को नई गति मिलेगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!