Uncategorized

मुख्यमंत्री तीर्थ योजना के तहत 265 तीर्थयात्रियों को महापौर रामू रोहरा ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

तीर्थयात्रियों को कंबल वितरित कर दी मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं, सोमनाथ, द्वारका एवं नागेश्वर धाम के करेंगे दर्शन

धमतरी- मुख्यमंत्री तीर्थ योजना के अंतर्गत जिले के 265 तीर्थयात्रियों को धार्मिक यात्रा पर सोमनाथ, द्वारका एवं नागेश्वर धाम के दर्शन के लिए रवाना किया गया। इस अवसर पर नगर निगम धमतरी के महापौर जगदीश रामू रोहरा ने तीर्थयात्रियों को हरी झंडी दिखाकर बसों को रवाना किया तथा सभी यात्रियों को सुखद, सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं।इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा ने तीर्थयात्रियों को कंबल वितरित कर उनका सम्मान एवं आत्मीय स्वागत किया।
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ योजना शासन की एक सराहनीय जनकल्याणकारी पहल है, जिसके माध्यम से बुजुर्गों एवं जरूरतमंद नागरिकों को देश के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर मिल रहा है। तीर्थ यात्रा केवल धार्मिक आस्था से जुड़ी नहीं होती, बल्कि यह मन को शांति, सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक संतुष्टि भी प्रदान करती है।
महापौर ने सभी तीर्थयात्रियों से यात्रा के दौरान अपना ध्यान रखने, निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा एक-दूसरे का सहयोग करने की अपील की। साथ ही भगवान सोमनाथ, द्वारकाधीश एवं नागेश्वर महादेव से सभी यात्रियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं खुशहाली की कामना की।
तीर्थयात्रियों में इस धार्मिक यात्रा को लेकर विशेष उत्साह एवं खुशी देखने को मिली। लंबे समय से प्रमुख तीर्थस्थलों के दर्शन की इच्छा रखने वाले यात्रियों के लिए यह यात्रा यादगार और आनंददायक अवसर साबित होगी।
इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग की उपसंचालक डॉ. मनीषा पांडेय, नगर निगम एमआईसी सदस्य युगल किशोर ‘पिंटू’ यादव, पार्षद अज्जू देशलहरे एवं कुलेश सोनी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!