Uncategorized

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना से भखारा-भठेली के श्रद्धालु सोमनाथ, द्वारका और नागेश्वर धाम के लिए रवाना

विधायक प्रतिनिधि हरख जैन सहित जनप्रतिनिधियों ने दी शुभकामनाओं के साथ विदाई

अध्यक्ष ज्योति हरख जैन एवं सीएमओ हरिकिशन पवारिया ने भी की मंगलमय यात्रा की कामना

भखारा। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित तीर्थ यात्रा में धमतरी जिले के कुल 256 श्रद्धालुओं का चयन किया गया है। लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से चयनित श्रद्धालु सोमनाथ, द्वारका एवं नागेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए रवाना हुए। इनमें भखारा-भठेली क्षेत्र के श्रद्धालु भी शामिल हैं।
तीर्थयात्रियों को शुभकामनाओं के साथ विदाई देने विधायक प्रतिनिधि हरख जैन (पप्पू), वरिष्ठ पार्षद झम्मन लाल साहू, नगर पंचायत उपाध्यक्ष विष्णु साहू सहित नगर पंचायत के कर्मचारीगण उपस्थित रहे। नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ज्योति हरख जैन एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी हरिकिशन पवारिया ने भी सभी यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए उनकी सुखद, सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की कामना की।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि हरख जैन ने कहा कि तीर्थ यात्रा केवल धार्मिक भ्रमण नहीं, बल्कि आत्मिक शांति, श्रद्धा और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने श्रद्धालुओं से भगवान के दर्शन कर नगर एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करने की अपील की।
यात्रा में शामिल श्रद्धालु एवं अनुरक्षक: रुक्मिणी बाई, भुवन लाल साहू, रमा पुरी, ओंकार पुरी गोस्वामी, झम्मन लाल साहू, पुनीत राम साहू, कुमार निर्मलकर, सालिक निर्मलकर, वीरेंद्र साहू, कुलेश्वर साहू, इंदिरा बाई, दूलेश्वर, ऐन बाई, अघनु साहू, श्यामबती एवं आनंद साहू तथा अनुरक्षक के रूप में पुनेश्वर हेमलाल साहू शामिल हैं।
तीर्थयात्रियों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं क्षेत्रीय विधायक अजय चंद्राकर के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना उनके लिए जीवन का एक अनमोल और यादगार अवसर है।जय श्रीराम के जयघोष के बीच श्रद्धालुओं को भावपूर्ण विदाई दी गई। सभी जनप्रतिनिधियों एवं नगर पंचायत परिवार ने यात्रियों के स्वस्थ, सुरक्षित एवं सफल तीर्थ दर्शन की मंगलकामना की।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!