Uncategorized

बेहतर पुलिसिंग एवं जवाबदेह व्यवस्था पर एसपी श्रीमती भावना पांडेय का फोकस: थाना भखारा के वार्षिक निरीक्षण में कार्यप्रणाली की समीक्षा कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर - लंबित मामलों के त्वरित निराकरण, अवैध शराब, जुआ-सट्टा पर प्रभावी कार्यवाही तथा रात्रि गश्त बढ़ाने के निर्देश

पुलिस अधीक्षक धमतरी,
श्रीमती भावना पांडेय द्वारा थाना भखारा का वार्षिक निरीक्षण किया गया। विकसित भारत विजन-2047 के लक्ष्यों को दृष्टिगत रखते हुए ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की पुलिसिंग को और अधिक आधुनिक, पारदर्शी, प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण की शुरुआत में पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना परिसर, पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों के टर्नआउट (वेशभूषा) एवं परेड का बारीकी से निरीक्षण किया गया। उत्कृष्ट परेड एवं उत्तम वेशभूषा का प्रदर्शन करने वाले अधिकारी- कर्मचारियों की सराहना करते हुए उन्हें प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कृत किया गया तथा ड्यूटी के साथ-साथ शारीरिक स्वास्थ्य एवं फिटनेस पर विशेष ध्यान देने हेतु निर्देशित किया गया।
थाना भवन एवं परिसर की साफ-सफाई, मालखाना,सीसीटीएनएस(कंप्यूटर कक्ष), पुरुष एवं महिला बंदीगृह (हवालात) तथा जप्तशुदा माल के व्यवस्थित रखरखाव का अवलोकन कर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए। पर्यावरण संरक्षण के तहत थाना परिसर को स्वच्छ, हरा-भरा एवं सुंदर बनाए रखने के लिए पौधरोपण करने हेतु भी प्रेरित किया गया।
निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी भखारा निरीक्षक अरूण साहू से थाना क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, अपराध नियंत्रण तथा लंबित अपराध, शिकायत, मर्ग एवं अन्य प्रकरणों की विस्तृत जानकारी ली गई। सभी विवेचकों को निर्देशित किया गया कि लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें तथा गंभीर अपराधों की विवेचना निर्धारित समयावधि में पूर्ण करें।
क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री, जुआ, सट्टा, नशीले पदार्थों एवं अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध प्रभावी व सख्त वैधानिक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। साथ ही असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने, रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने तथा अपराध नियंत्रण के लिए लगातार सतर्क व मुस्तैद रहने कहा गया।
थाने के महत्वपूर्ण अभिलेखों – रोजनामचा, केस डायरी,एफआईआर, अपराध रजिस्टर, मर्ग रजिस्टर, एमएलसी रजिस्टर, गुम इंसान एवं निरीक्षण पुस्तिका का सूक्ष्मता से अवलोकन कर पाई गई कमियों को तत्काल दूर करने तथा केस डायरियों को नियमित रूप से अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए।
महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित अपराधों, गंभीर मामलों तथा न्यायालयीन प्रकरणों के त्वरित निष्पादन व समंस-वारंट की शत-प्रतिशत तामीली पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि थाने पहुंचने वाले प्रत्येक आम नागरिक एवं फरियादी की समस्याओं को सम्मान व संवेदनशीलता के साथ सुना जाए और बिना किसी विलंब के उनका न्यायोचित निराकरण किया जाए।
शासकीय शस्त्रागार एवं हथियारों का निरीक्षण करते हुए अधिकारी- कर्मचारियों को हथियारों के खोलने-जोड़ने एवं सुरक्षित संचालन का नियमित अभ्यास करने तथा प्रत्येक माह दो दिवस अनिवार्य रूप से हथियार अभ्यास आयोजित करने निर्देशित किया गया।
निरीक्षण के अंत में पुलिस अधीक्षक धमतरी द्वारा समस्त थाना स्टाफ का दरबार (फॉलिंग) लेकर अधिकारी- कर्मचारियों की विभागीय एवं व्यक्तिगत समस्याओं को सुना गया और उनके निराकरण का आश्वासन दिया गया। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को उच्च स्तर का अनुशासन, सतर्कता, संवेदनशीलता एवं पूर्ण समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर थाना प्रभारी भखारा निरीक्षक अरूण साहू सहित थाना भखारा के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!