वोकल फॉर लोकल का संदेश लेकर बाजार पहुंचीं नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति हरख जैन
स्थानीय कारीगरों और छोटे व्यापारियों को प्रोत्साहित करने की स्वदेशी उत्पादो की खरीददारी

भखारा। स्थानीय कारीगरों और छोटे व्यापारियों को प्रोत्साहित करने तथा स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ज्योति हरख जैन ने स्थानीय बाजार पहुंचकर कुम्हारों द्वारा तैयार किए गए मिट्टी के दीये एवं अन्य सामग्री की खरीदारी की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय कुम्हारों से आत्मीयता के साथ मुलाकात की और उनके द्वारा मेहनत एवं लगन से तैयार किए गए मिट्टी के उत्पादों को खरीदा। उन्होंने कहा कि स्थानीय कारीगर हमारी परंपरा, संस्कृति और आत्मनिर्भरता के महत्वपूर्ण आधार हैं। उनके द्वारा निर्मित वस्तुओं को खरीदने से न केवल उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होती है, बल्कि हमारी पारंपरिक कला और संस्कृति को भी संरक्षण मिलता है। नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ज्योति हरख जैन ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग त्योहारों एवं दैनिक उपयोग के अवसरों पर स्थानीय कारीगरों और छोटे व्यापारियों से ही खरीदारी करने को प्राथमिकता दें। हमारा छोटा-सा प्रयास किसी कारीगर और उसके परिवार के जीवन में बड़ा बदलाव ला सकता है। उन्होंने वोकल फॉर लोकल और स्वदेशी अपनाओ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्थानीय उत्पादों को अपनाना ही आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक सार्थक कदम है। स्थानीय खरीदारी को बढ़ावा दें, कारीगरों का सम्मान करें और स्वदेशी को अपनाकर आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करें।
