दिवाली पर सफाई मित्रो को पार्षद कुशल लोढ़ा ने दी अपनेपन की सौगात, किया मिठाई व कपड़ो का वितरण
कहा स्वच्छ वातावरण व बेहतर स्वास्थ्य में सफाई मित्रो का है सबसे अहम योगदान

धमतरी। दीपावली का पावन पर्व उमंग, उल्लास और रोशनी का प्रतीक है। इस पर्व पर हर कोई अपने परिवार और मित्रों के साथ खुशियां बांटता है, लेकिन समाज का एक ऐसा वर्ग भी है जो दूसरों के जीवन में स्वच्छता और उजाला लाने के लिए खुद को समर्पित कर देता है—वह हैं हमारे सफाई मित्र और उनके इसी सेवा और समर्पण को नमन करते हुए श्यामाप्रसाद मुखर्जी वार्ड पार्षद कुशल लोढ़ा ने इस दीपावली पर अपने वार्ड के सफाई मित्रों के साथ अनूठे अंदाज में पर्व की खुशियां बाटी और उन्हें अपनेपन की अनमोल सौगात दी।
सफाई मित्रों के चेहरों पर बिखरी मुस्कान
दीपावली के इस खास मौके पर पार्षद कुशल लोढ़ा ने अपने क्षेत्र के सफाई कर्मचारियों को ससम्मान आमंत्रित किया और उन्हें दीपावली के उपहार स्वरूप नए वस्त्र और मिठाइयों के डिब्बे भेंट किए। त्योहार के इस अवसर पर जब इन मेहनतकश कर्मचारियों को पार्षद के हाथों से उपहार मिले, तो उनके चेहरों पर एक अलग ही चमक और खुशी साफ दिखाई दे रही थी। उपहार प्राप्त करने वाले सफाई मित्रों ने कहा कि उनके लिए यह दीपावली अब तक की सबसे खास दीपावली बन गई है, क्योंकि किसी जनप्रतिनिधि ने पहली बार इतने अपनेपन के साथ उनके बीच आकर त्योहार की खुशियां साझा की हैं।
शहर की स्वच्छता के असली आधार स्तंभ हैं सफाई मित्र
इस दौरान पार्षद कुशल लोढ़ा ने कहा कि शहर और वार्ड को स्वच्छ, सुंदर और स्वास्थ्यप्रद बनाए रखने में सबसे बड़ा और अहम योगदान इन्हीं सफाई मित्रों का है। कड़ाके की ठंड हो, मूसलाधार बारिश हो या चिलचिलाती धूप, ये कर्मचारी बिना किसी छुट्टी या आराम की परवाह किए सुबह सवेरे अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने निकल पड़ते हैं। उन्होंने आगे कहा, हम अपने घरों में दीये जलाकर और पकवान खाकर दीपावली मनाते हैं, लेकिन हमारे आसपास के परिवेश को स्वच्छ रखकर हमें एक बेहतर स्वास्थ्य देने का असल काम यही सफाई मित्र करते हैं। समाज के असली नायक और पहरेदार यही सफाई मित्र हैं। इनके श्रम और पसीने के कारण ही हमारे वार्ड की गलियां और मोहल्ले साफ-सुथरे और सुंदर दिखते हैं।
त्योहारों की सच्ची खुशी सबके साथ बांटने में है
पार्षद कुशल लोढ़ा ने इस बात पर जोर दिया कि त्योहारों की सच्ची सार्थकता तभी सिद्ध होती है जब समाज के हर वर्ग को उस उल्लास और आनंद में शामिल किया जाए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते यह हमारा नैतिक दायित्व बनता है कि हम उन लोगों का आभार व्यक्त करें जो पर्दे के पीछे रहकर समाज को संवारने का कार्य कर रहे हैं। सफाई मित्रों के साथ समय बिताना और उनके परिवार की खुशियों में शरीक होना उनके लिए गर्व का विषय है। इस प्रेरणादायक पहल से स्थानीय नागरिकों के बीच भी एक सकारात्मक संदेश गया है।
खराबी की सूचना पर तत्काल बदलवाया विद्युत केबल

श्यामाप्रसाद मुखर्जी वार्ड में काफी समय से विद्युत केबल खराब था जिसकी शिकायत वार्डवासियों द्वारा विद्युत विभाग में की जा चुकी थी, लेकिन इसके बाद भी केबल बदला नहीं गया था। जब इसकी सूचना वार्डवासियों ने पार्षद कुशल लोढ़ा को दी तो उन्होने तत्काल विद्युत विभाग के अधिकारियों से सम्पर्क कर विद्युत केबल बदलवाया इससे अब खराब केबल से किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका टल गई है।
महापौर के विकास व सक्रियता से मिलती है जन सेवा की प्रेरणा – कुशल लोढ़ा
श्यामाप्रसाद मुखर्जी वार्ड पार्षद कुशल लोढ़ा ने चर्चा के दौरान कहा कि महापौर रामू रोहरा शहर के सभी 40 वार्डो में समुचित विकास के लिए निरंतर सक्रिय है। धमतरी को विकास की अनेक सौगाते दिला रहे है। उनके विकास के प्रति गंभीरता और जनता के प्रति सक्रियता से जनसेवा की प्रेरणा मिलती है।