ग्राम बारना के भाजपा पदाधिकारियों ने शिक्षक नियुक्ति की मांग को लेकर महापौर रामू रोहरा से की सौजन्य भेंट, शीघ्र कार्रवाई का मिला आश्वासन

धमतरी- ग्राम बारना के भाजपा पदाधिकारियों ने क्षेत्र के विद्यालयों में शिक्षकों की कमी की समस्या को लेकर नगर निगम धमतरी के महापौर रामू रोहरा से सौजन्य भेंट कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि विद्यालय में पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति नहीं होने से विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई प्रभावित हो रही है, जिससे शिक्षा व्यवस्था पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। उन्होंने शासन एवं शिक्षा विभाग के माध्यम से शीघ्र शिक्षकों की नियुक्ति कराने की मांग की।
महापौर रामू रोहरा ने प्रतिनिधिमंडल की बात गंभीरता से सुनते हुए कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना शासन और समाज की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने आश्वस्त किया कि इस महत्वपूर्ण विषय को संबंधित अधिकारियों एवं शासन स्तर पर प्रमुखता से उठाकर शिक्षकों की नियुक्ति के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित न हो और उन्हें बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।
महापौर ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज और राष्ट्र के विकास की मजबूत नींव होती है। ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी शहरों के समान बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं और पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जनहित से जुड़े इस मुद्दे के शीघ्र समाधान के लिए हरसंभव पहल की जाएगी।
इस अवसर पर अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद, मिश्रीलाल पटेल, रूपचंद साहू, खिलावन प्रजापति, प्रेम नारायण साहू, दौलतराम साहू, मोतीराम धुव्र, रामआधार साहू, कृपाराम साहू, दिनेश साहू एवं अरुण कुमार धुव्र उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने महापौर रामू रोहरा द्वारा उनकी मांगों को गंभीरता से सुनने एवं सकारात्मक आश्वासन देने पर आभार व्यक्त किया।

