धमतरी का गौरव: 600 खिलाडिय़ों को पछाड़कर रघुवीर बघेल ने छत्तीसगढ़ की टीम में बनाई जगह
बेंगलुरु में नवंबर में होने वाले नेशनल टूर्नामेंट (आईएससीएल सीजन- 2) में दिखाएंगे खेल का जौहर, सोनी टीवी पर होगा सीधा प्रसारण

धमतरी। शहर के उभरते हुए खिलाड़ी रघुवीर बघेल ने अपने शानदार खेल के दम पर इंडियन सॉफ्टबॉल क्रिकेट लीग आईएससीएल सीजन- 2 के लिए छत्तीसगढ़ की मुख्य टीम में अपनी जगह पक्की कर ली है। इस बड़े राष्ट्रीय टूर्नामेंट का सीधा प्रसारण सोनी टीवी पर किया जाएगा, जिससे धमतरी और छत्तीसगढ़ के इस लाल को पूरा देश लाइव खेलते हुए देख सकेगा। 600 खिलाडिय़ों के बीच से निकलकर टॉप 14 में जगह बनाना रघुवीर की कड़ी मेहनत, लगन और खेल के प्रति उनके समर्पण को दर्शाता है।
रायपुर में हुआ था कड़ा ट्रायल, केवल 14 का हुआ चयन
मिली जानकारी के अनुसार, इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए पूरे छत्तीसगढ़ के सभी जिलों से लगभग 500 से 600 खिलाडिय़ों ने ऑनलाइन माध्यम से आवेदन किया था। इसके बाद रायपुर के सीकर्स रेलवे ग्राउंड में दो दिवसीय (3 और 4 तारीख को) कड़े ट्रायल्स का आयोजन किया गया। इस कड़े मुकाबले और चयन प्रक्रिया के बाद पूरे प्रदेश से केवल 14 सर्वश्रेष्ठ खिलाडिय़ों का चयन छत्तीसगढ़ की टीम में हो पाया, जिसमें धमतरी के रघुवीर ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए टीम में स्थान प्राप्त किया।
नवंबर में बेंगलुरु में सजेगा महामुकाबला
यह एक पूर्णत: राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता है, जिसका आयोजन नवंबर में देश की सिलिकॉन वैली बेंगलुरु में होने जा रहा है। पूरे एक महीने तक चलने वाले इस महामुकाबले में भारत के 32 राज्यों की 32 टीमें हिस्सा लेंगी।
