Uncategorized

जिला क्रिकेट संघ के टी-20 टूर्नामेंट में धमतरी रेड बनी चैंपियन, धमतरी ग्रीन उपविजेता

7 दिवसीय रोमांचक टूर्नामेंट का हुआ समापन, समर कैंप के प्रतिभावान खिलाडिय़ों ने दिखाया दम

आगामी सत्र में खिलाडिय़ों को मिलेंगी बॉलिंग मशीन और आधुनिक सुविधाएं: जिला क्रिकेट संघ

धमतरी। धमतरी जिला क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित 7 दिवसीय टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का शानदार समापन हो गया, जिसमें धमतरी रेड ने खिताबी मुकाबले में श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। वहीं, धमतरी ग्रीन की टीम उपविजेता रही। गौरतलब है कि संघ द्वारा 01 मार्च 2026 से पी.जी. कॉलेज क्रिकेट स्टेडियम में ड्यूज बॉल क्रिकेट समर कैंप का आयोजन किया गया था। कैंप की सफलता के बाद, इसमें शामिल खिलाडिय़ों की प्रतिभा को निखारने के लिए उन्हें चार टीमों—धमतरी रेड, धमतरी ग्रीन, धमतरी ब्लू और धमतरी येलो में विभाजित किया गया था। इन टीमों के बीच 31 मई से 7 जून तक इस टी-20 टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। विशेष बात यह रही कि खेल में लैंगिक समानता को बढ़ावा देने के लिए सभी टीमों में समर कैंप की प्रतिभावान बालिकाओं को भी शामिल किया गया था।
रोमांचक फाइनल और पुरस्कारों की बौछार
7 जून को खेले गए फाइनल महामुकाबले में धमतरी रेड ने अपनी श्रेष्ठता साबित करते हुए एबी क्रिकेट फाउंडेशन द्वारा प्रदत्त विजेता ट्रॉफी जीती। धमतरी रेड के कप्तान हितेंद्र प्रताप ठाकुर को उनके शानदार खेल के लिए फाइनल मैच का मैन ऑफ द मैच चुना गया। उपविजेता रही धमतरी ग्रीन को भी चमचमाती ट्रॉफी से नवाजा गया।
प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बने कुंतल साहू
टूर्नामेंट में व्यक्तिगत रूप से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों को एबी क्रिकेट फाउंडेशन की ओर से विशेष ट्रॉफी प्रदान की गई। प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट कुंतल साहू (चुलबुल) कप्तान, धमतरी ग्रीन, बेस्ट बैट्समैन प्रिंस शर्मा, उपकप्तान, धमतरी ग्रीन, बेस्ट बॉलर कृष चंदन, बेस्ट फील्डर वैभव ध्रुव, बेस्ट विकेटकीपर रणवीर सोनवारे, विशेष प्रोत्साहन अवार्ड (अंडर-14) शिवम सिन्हा (13 वर्ष) बैटिंग, बॉलिंग व फील्डिंग में ऑलराउंड प्रदर्शन किया।
कोचेस और संघ का सराहनीय प्रयास
7 दिनों तक चले इस टूर्नामेंट को सफल बनाने में मुख्य कोच सजल चंद्राकर, सहायक कोच अंजली देवांगन और भूषण का उल्लेखनीय योगदान रहा। पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान धमतरी जिला क्रिकेट संघ के सचिव अजय बाबर और सहसचिव सकुश गुप्ता ने सभी खिलाडिय़ों का हौसला बढ़ाया। उन्होंने एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा आगामी सत्र में धमतरी के खिलाडिय़ों की प्रतिभा को और निखारने के लिए बॉलिंग मशीन तथा अन्य आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही, प्रति सप्ताह जिले के प्रतिभावान खिलाडिय़ों के लिए ड्यूज बॉल मैच आयोजित किए जाएंगे। उक्त जानकारी सकुश गुप्ता सहसचिव, धमतरी जिला क्रिकेट संघ ने दी है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!