तेलीनसत्ती पंचायत पदाधिकारियों की मांग पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश, अरुण सार्वा ने अधिकारियों से ली जानकारी
ग्राम पंचायतों में जनहित और ग्रामीणों की आवश्यकता के अनुरूप प्रस्तावित विकास कार्यों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए- श्री सार्वा

धमतरी- ग्राम पंचायत तेलीनसत्ती में 15वें वित्त आयोग की राशि से प्रस्तावित विकास कार्यों को प्रारंभ कराने के संबंध में पंचायत पदाधिकारियों द्वारा जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा को आवेदन सौंपकर आवश्यक पहल करने की मांग की गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने तत्काल संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा कर पूरे प्रकरण की जानकारी ली तथा नियमानुसार उचित कार्रवाई करते हुए विकास कार्यों को प्रारंभ कराने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
बुधवार को जिला पंचायत कार्यालय पहुंचकर अध्यक्ष अरुण सार्वा को आवेदन सौंपा गया, ग्राम पंचायत तेलीनसत्ती के सरपंच एवं पंचगणों द्वारा दिए गए आवेदन में बताया गया है कि लगभग छह माह पूर्व ग्रामसभा एवं ग्राम पंचायत की मासिक बैठक में 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत विकास कार्य कराने का प्रस्ताव बहुमत से पारित किया गया था। इसके आधार पर जनपद पंचायत धमतरी में प्रस्ताव एवं आवेदन प्रस्तुत किया गया था। मगर बाद में आपत्ति दर्ज होने के कारण प्रस्तावित विकास कार्यों की प्रक्रिया प्रभावित हुई और कार्य प्रारंभ नहीं हो सके। पंचायत पदाधिकारियों ने आवेदन में उल्लेख किया है कि ग्रामसभा एवं पंचायत की बैठक में विधिवत प्रस्ताव पारित होने के बावजूद कार्यों में लगातार विलंब होने से ग्राम विकास प्रभावित हो रहा है।
जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने पंचायत पदाधिकारियों की मांग पर अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रकरण का नियमानुसार परीक्षण कर बहुमत से पारित पंचायत प्रस्ताव एवं संबंधित दस्तावेजों के आधार पर उचित निर्णय लिया जाए, ताकि गांव के विकास कार्य अनावश्यक रूप से बाधित न हों।
अरुण सार्वा ने कहा कि ग्राम पंचायतों में जनहित और ग्रामीणों की आवश्यकता के अनुरूप प्रस्तावित विकास कार्यों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। किसी भी प्रकरण में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए अनावश्यक विलंब से बचना चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मामले में आवश्यक पहल कर पंचायत को उचित मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए।
पंचायत पदाधिकारियों ने जिला पंचायत अध्यक्ष की त्वरित पहल पर आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि शीघ्र ही लंबित विकास कार्यों को प्रारंभ करने का मार्ग प्रशस्त होगा।
