विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण – महापौर रामू रोहरा
युवा शक्ति के सामर्थ्य, संकल्प और नवाचार से साकार होगा विकसित भारत 2047 का सपना, युवा संसद जैसे मंच राष्ट्र निर्माण के लिए नई पीढ़ी को कर रहे तैयार

धमतरी- नारायण राव मेघावाले शासकीय कन्या महाविद्यालय, धमतरी में मेरा युवा भारत (माय भारत), धमतरी के तत्वावधान में आयोजित युवा संवाद एवं जिला स्तरीय विकसित भारत युवा संसद का शुभारंभ उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी शामिल हुईं। वहीं महापौर जगदीश रामू रोहरा एवं पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर श्री रामू रोहरा ने कहा कि युवा केवल देश का भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी ताकत और परिवर्तन के सबसे प्रभावशाली वाहक हैं।किसी भी राष्ट्र की प्रगति उसकी युवा शक्ति के विचारों, परिश्रम, नवाचार और राष्ट्र के प्रति समर्पण से तय होती है। आज भारत विश्व पटल पर अपनी नई पहचान स्थापित कर रहा है, ऐसे में युवाओं की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विकसित भारत 2047 का संकल्प केवल एक लक्ष्य नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों के सामूहिक सामर्थ्य और संकल्प का प्रतीक है। इस संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी देश के युवाओं के कंधों पर है। युवा अपनी प्रतिभा को पहचानें, बड़े लक्ष्य निर्धारित करें और व्यक्तिगत सफलता के साथ राष्ट्र की उन्नति को भी अपने जीवन का उद्देश्य बनाएं।
महापौर ने कहा कि युवा संसद लोकतंत्र की पाठशाला और नेतृत्व निर्माण का सशक्त मंच है।यहां युवाओं को अपने विचार रखने, जनहित के मुद्दों पर तार्किक चर्चा करने और संसदीय परंपराओं को समझने का अवसर मिलता है। ऐसे आयोजन युवाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, अनुशासन और निर्णय लेने की योग्यता विकसित करते हैं। लोकतंत्र की मजबूती के लिए जागरूक, जिम्मेदार और कर्तव्यनिष्ठ युवा पीढ़ी का आगे आना आवश्यक है।
उन्होंने आगे कहा कि आज भारत का युवा शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, खेल, कृषि, स्टार्टअप और उद्यमिता सहित हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करने की क्षमता रखता है। आवश्यकता है कि युवा अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा दें, नशे और नकारात्मकता से दूर रहें तथा समाज में जागरूकता, सामाजिक समरसता और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करें।
महापौर श्री रोहरा ने मेरा युवा भारत (माय भारत) की पहल की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं को अपनी बात रखने और देश के भविष्य से जुड़े विषयों पर चिंतन करने का अवसर देना सराहनीय प्रयास है। युवा जब विचारशील बनेंगे, जिम्मेदारियों को समझेंगे और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखेंगे, तभी देश विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
अंत में महापौर ने युवा संसद में शामिल सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की युवा शक्ति में असंभव को संभव बनाने का सामर्थ्य है। युवाओं के सपनों को सही दिशा, मेहनत को अवसर और संकल्प को लक्ष्य मिले, तो विकसित भारत का सपना निश्चित रूप से साकार होगा।
