Uncategorized

महानदी उद्गम स्थल में लाखो पेड़ों की कटाई और 102.47 हेक्टेयर वनभूमि पर अवैध कब्जे का दशकभर का खेल खत्म, करका में कल चलेगा अतिक्रमण हटाओ अभियान

आरक्षित वनभूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई 19 नवंबर को 400 से अधिक वन एवं पुलिसकर्मी होंगे तैनात

3 हाई-टेक सर्विलांस ड्रोन से होगी निगरानी, वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वालों की गतिविधियां होंगी रिकॉर्ड, फरार आरोपी होंगे गिरफ्तार

अतिक्रमण मुक्त भूमि पर 2,000 कंटूर ट्रेंच के निर्माण से होगा भूजल पुनर्भरण एवं वन पारिस्थितिकी तंत्र का पुनरुद्धार

आरोपी नोटिस के जवाब में कब्ज़ा सम्बन्धी कोई वैध साक्ष्य नही प्रस्तुत कर पाए

उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के अर्सिकन्हार परिक्षेत्र अंतर्गत करका क्षेत्र में आरक्षित वनभूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए वन विभाग द्वारा 19 नवंबर 2026 को व्यापक कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के माध्यम से लगभग 102.47 हेक्टेयर आरक्षित वनभूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा।
वन विभाग द्वारा इस कार्रवाई की समस्त प्रशासनिक एवं मैदानी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा वनभूमि और वन संपदा की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 400 से अधिक वन एवं पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इस बल में महिला वनकर्मियों की भी पर्याप्त भागीदारी रहेगी, ताकि पूरी कार्रवाई अनुशासित, सुरक्षित एवं निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुरूप संपन्न हो सके।

हाई-टेक ड्रोन से होगी निगरानी, प्रत्येक गतिविधि का होगा डिजिटल रिकॉर्ड

अभियान की निगरानी के लिए उच्च क्षमता वाले 3 सर्विलांस ड्रोन का उपयोग किया जाएगा। इन ड्रोन के माध्यम से पूरे प्रभावित क्षेत्र की दूर से ही हवाई निगरानी की जाएगी। विशेष रूप से उपद्रवियों द्वारा वन संपदा को नुकसान पहुंचाने, पेड़ों की कटाई अथवा शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने जैसी किसी भी गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। ऐसी गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान करने तथा आवश्यकतानुसार वैधानिक कार्रवाई के लिए ड्रोन से प्राप्त फोटो एवं वीडियो फुटेज को साध्य के रूप में सुरक्षित रखा जाएगा। टाइगर रिज़र्व में अतिक्रमण करने या सहयोग देने पर है 7 साल तक की सजा का प्रावधान ।

अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ होगा वन एवं जल संरक्षण

चूँकि उक्त अतिक्रमित क्षेत्र महानदी का उद्दूम स्थल है एवं राज्य का प्रमुख हाथी कॉरिडोर है इसीलिए वन विभाग की कार्ययोजना केवल अतिक्रमण हटाने तक सीमित नहीं है। अतिक्रमण मुक्त भूमि पर प्राकृतिक वनस्पति के पुनरुद्धार, मृदा संरक्षण एवं जल संरक्षण के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके अंतर्गत लगभग 2,000 कंटूर ट्रेंच (समोच खाइयों) के निर्माण हेतु लेआउट तैयार किया गया है जिसे 1 ही दिन में पूरा किया जायेगा। इसके पश्यात लगभग 25000 कंटूर ट्रेंच निर्माण और वृक्षारोपण किया जावेगा
इन कंटूर ट्रेंच के माध्यम से वर्षा जल का बहाव नियंत्रित कर उसे भूमि में अधिक समय तक रोका जा सकेगा, जिससे भूजल पुनर्भरण, मृदा में नमी का संरक्षण तथा स्थानीय वनस्पति के पुनर्जनन को बढ़ावा मिलेगा। इससे दीर्घकाल में करका क्षेत्र के वन पारिस्थितिकी तंत्र को पुनर्स्थापित करने में सहायता मिलेगी।

अतिक्रमण का विस्तार और वन संपदा को हुआ नुकसान

विभागीय अभिलेखों एवं वर्ष 2006, 2012 की इसरो सैटेलाइट इमेजरी तथा वर्ष 2017 से 2026 तक की उपलब्ध उपग्रह एवं ड्रोन सर्वेक्षण रिपोर्टों के विश्लेषण से करका क्षेत्र में आरक्षित वनभूमि पर अतिक्रमण के निरंतर विस्तार की पुष्टि हुई है। वर्ष 2016 में लगभग 22 हेक्टेयर वनभूमि पर अतिक्रमण पाया गया था, जो बढ़कर लगभग 102.47 हेक्टेयर तक पहुंच गया।
इस दौरान वन क्षेत्र में बड़े पैमाने पर वृक्षों की कटाई एवं क्षति के साक्ष्य भी सामने आए हैं। विभागीय सर्वेक्षण में 3,433 बड़े वृक्षों के ठूंठ तथा पूर्व में दर्ज प्रकरणों में 501 पेड़ों की अवैध कटाई से संबंधित तथ्य सामने आए हैं। इससे न केवल वन संपदा को नुकसान पहुंचा है, बल्कि हाथी विचरण क्षेत्र, वन्यजीव आवास एवं क्षेत्रीय जैव विविधता पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है।
वन विभाग द्वारा संबंधित व्यक्तियों को अपना पक्ष रखने एवं वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए पर्याप्त अवसर प्रदान किए गए। निर्धारित प्रक्रिया के अंतर्गत नोटिस जारी किए गए तथा संबंधित अभिलेखों और प्रस्तुत दावों का परीक्षण किया गया। इसके उपरांत नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई निर्धारित की गई है। उक्त जानकारी उपनिदेशक उदंती सीतानदी टाइगर रिज़र्व वरुण जैन ने दी है.

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!