Uncategorized

पुलिस एवं जेलकर्मियों के बच्चों को कोचिंग फीस में मिलेगी 50 प्रतिशत तक की छूट, एलन और आकाश इंस्टीट्यूट ने दी सहमति

डीजीपी हिमांशु गुप्ता की पहल से पुलिस एवं जेल विभाग के परिवारों को बड़ी राहत, आईआईटी-जेईई और नीट सहित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी होगी किफायती

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पुलिस एवं जेल विभाग में कार्यरत अधिकारी-कर्मचारियों के परिवारों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। अब पुलिस और जेल कर्मियों के बच्चों को देश के प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थानों में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने पर फीस में 30 से 50 प्रतिशत तक की विशेष छूट मिलेगी। प्रभारी पुलिस महानिदेशक (DGP) एवं जेल डीजी हिमांशु गुप्ता की पहल पर राज्य के दो प्रमुख कोचिंग संस्थानों एलन एकेडमी और आकाश इंस्टीट्यूट ने पुलिस एवं जेल कर्मियों की संतानों को यह रियायत देने पर सहमति जताई है। इस निर्णय से उन परिवारों को विशेष राहत मिलेगी, जो आर्थिक कारणों से अपने बच्चों को महंगी कोचिंग संस्थानों में पढ़ाने में कठिनाई महसूस करते हैं।
इस संबंध में 19 नवंबर 2026 को प्रभारी पुलिस महानिदेशक एवं जेल डीजी हिमांशु गुप्ता की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में एलन एकेडमी (रायपुर, भिलाई एवं बिलासपुर) तथा आकाश इंस्टीट्यूट (रायपुर) के संचालकों एवं प्रतिनिधियों के साथ पुलिस और जेल विभाग के कर्मचारियों के बच्चों को कोचिंग फीस में विशेष छूट देने के विषय पर चर्चा हुई। बैठक में दोनों संस्थानों ने सकारात्मक पहल करते हुए निर्धारित छूट देने पर सहमति प्रदान की।
आकाश इंस्टीट्यूट में 50 प्रतिशत तक की छूट
बैठक में हुए निर्णय के अनुसार रायपुर स्थित आकाश इंस्टीट्यूट में कोचिंग प्राप्त करने वाले पुलिस एवं जेल विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों की संतानों को संपूर्ण कोचिंग फीस में 30 प्रतिशत से लेकर 50 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी। वहीं एलन एकेडमी के रायपुर, भिलाई एवं बिलासपुर केंद्रों में कोचिंग लेने वाले पुलिस एवं जेल कर्मियों के बच्चों को कुल फीस में 30 प्रतिशत की छूट प्रदान की जाएगी। यह सुविधा आईआईटी-जेईई, नीट एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए लागू होगी।आर्थिक परेशानी के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, यही उद्देश्य इस पहल का है.पुलिस एवं जेल विभाग में सेवाएं देने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के परिवारों को शैक्षणिक क्षेत्र में आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराना है। पुलिसकर्मी और जेलकर्मी अपनी ड्यूटी के दौरान दिन-रात जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं। ऐसे में उनके बच्चों को भी बेहतर शैक्षणिक अवसर और गुणवत्तापूर्ण कोचिंग सुविधा मिल सके, इस दिशा में यह निर्णय महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इस अवसर पर डीसीपी तारकेश्वर पटेल, आकाश इंस्टीट्यूट के सतीश कुमार धृतलहरे तथा एलन एकेडमी के देबाजीत चटर्जी एवं महेंद्र चंद्रा उपस्थित रहे।

आर्थिक परिस्थितियां किसी भी कर्मचारी के बच्चे की शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में बाधा नहीं बननी चाहिए- श्री गुप्ता

प्रभारी डीजीपी हिमांशु गुप्ता ने इस पहल के माध्यम से यह संदेश दिया है कि आर्थिक परिस्थितियां किसी भी कर्मचारी के बच्चे की शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में बाधा नहीं बननी चाहिए। पुलिस एवं जेलकर्मियों के परिवारों को शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग प्रदान करने की यह पहल निश्चित रूप से सराहनीय है। इससे न केवल कर्मचारियों को आर्थिक राहत मिलेगी, बल्कि उनके बच्चों को भी अपने सपनों को साकार करने और भविष्य में बेहतर करियर बनाने का अवसर मिलेगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!