ग्राम कुंडेल में विकसित हो रहा आर्मी ग्राउंड, युवाओं को मिलेगी सैन्य भर्ती की तैयारी के लिए बेहतर सुविधा
वीबी-जी रामजी योजनांतर्गत स्वीकृत प्रशिक्षण मैदान का कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने किया निरीक्षण, युवाओं को अनुशासन, शारीरिक दक्षता और समर्पण के साथ लक्ष्य हासिल करने के लिए किया प्रेरित

धमतरी- जिले के ग्रामीण युवाओं को सेना एवं अन्य सुरक्षा बलों में भर्ती के लिए बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में विकासखंड धमतरी के ग्राम कुंडेल में फिजिकल एजुकेशन ट्रेनिंग ग्राउंड (आर्मी ग्राउंड) विकसित किया जा रहा है। वीबी-जी रामजी योजनांतर्गत स्वीकृत इस प्रशिक्षण मैदान को गांव के नागरिकों, पूर्व सैनिकों और वर्तमान में सेवारत जवानों की सक्रिय सहभागिता से आकार दिया जा रहा है। खास बात यह है कि इस पहल में ग्रामीणजन और सैनिक आर्थिक सहयोग के साथ श्रमदान भी कर रहे हैं। सामुदायिक सहभागिता से विकसित हो रहा यह मैदान ग्रामीण युवाओं के सपनों को नई दिशा देने के साथ ही गांव में देशसेवा के प्रति उत्साह और सकारात्मक वातावरण का निर्माण कर रहा है।
इसी क्रम में कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने आज ग्राम कुंडेल पहुंचकर निर्माणाधीन आर्मी ग्राउंड का अवलोकन किया। उन्होंने मैदान में चल रहे विकास कार्यों तथा प्रवेश द्वार पर किए गए आकर्षक पेंटिंग कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पूर्व एवं वर्तमान सैनिकों और ग्रामीणों से चर्चा कर मैदान के विकास में उनके योगदान, कार्ययोजना और आवश्यकताओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने ग्रामीणों एवं सैनिकों की इस पहल की सराहना करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की कि गांव के युवाओं के भविष्य को संवारने के लिए सभी वर्ग एकजुट होकर आगे आ रहे हैं।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करना अनेक युवाओं का सपना होता है। इस सपने को साकार करने के लिए शारीरिक दक्षता, मानसिक मजबूती, अनुशासन और नियमित अभ्यास बेहद जरूरी हैं। ग्राम कुंडेल में विकसित किया जा रहा आर्मी ग्राउंड युवाओं को इन सभी पहलुओं की तैयारी के लिए स्थानीय स्तर पर बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में सहायक होगा। ग्रामीण अंचल के प्रतिभाशाली युवाओं को प्रशिक्षण के लिए दूरस्थ स्थानों पर जाने की आवश्यकता कम होगी और वे अपने गांव में ही नियमित अभ्यास कर सकेंगे।
उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि सफलता के लिए केवल लक्ष्य निर्धारित करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन, धैर्य और दृढ़ संकल्प भी जरूरी है। युवा अपने भीतर देशसेवा का जज्बा विकसित करें और शारीरिक क्षमता के साथ मानसिक रूप से भी स्वयं को मजबूत बनाएं। सेना में चयन के लिए निर्धारित शारीरिक मापदंडों, दौड़, व्यायाम और अन्य गतिविधियों का नियमित अभ्यास करें। असफलता से निराश होने के बजाय उससे सीख लेकर और अधिक मेहनत के साथ आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि ग्रामीण युवाओं में प्रतिभा और क्षमता की कमी नहीं है, जरूरत है उन्हें सही मार्गदर्शन, अभ्यास का अवसर और प्रोत्साहन देने की।
कलेक्टर ने कहा कि ग्राम कुंडेल में आर्मी ग्राउंड का विकास सामुदायिक एकजुटता और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का प्रेरक उदाहरण है। पूर्व सैनिकों का अनुभव और वर्तमान जवानों का मार्गदर्शन युवाओं के लिए विशेष रूप से उपयोगी साबित हो सकता है। उन्होंने ग्रामीणों से इस सकारात्मक पहल को निरंतर आगे बढ़ाने तथा अधिक से अधिक युवाओं को इससे जोड़ने की अपील की। उन्होंने आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन द्वारा इस पहल को आवश्यक मार्गदर्शन और सुविधाओं के माध्यम से प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि प्रशिक्षण मैदान का समुचित विकास हो सके और युवाओं को इसका अधिकतम लाभ मिले।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को मैदान में प्रशिक्षण के अनुरूप आवश्यक बुनियादी सुविधाएं विकसित करने, दौड़ एवं शारीरिक अभ्यास के लिए उपयुक्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा परिसर को सुव्यवस्थित स्वरूप देने के निर्देश दिए। उन्होंने मैदान के नियमित रखरखाव, स्वच्छता और सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान देने को कहा, ताकि युवाओं को नियमित अभ्यास के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध हो सके।
उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण केंद्र केवल शारीरिक अभ्यास तक सीमित नहीं होते, बल्कि युवाओं में समयबद्धता, नेतृत्व क्षमता, सामूहिक भावना, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी जैसे गुणों का भी विकास करते हैं। यह पहल भविष्य में ग्राम कुंडेल सहित आसपास के गांवों के युवाओं को सेना, पुलिस एवं अन्य सुरक्षा बलों में भर्ती की तैयारी के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
इस अवसर पर एसडीएम कुरूद-मगरलोड पीयूष तिवारी, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रोहित बोरझा सहित जिला पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी तथा ग्रामवासी एवं पूर्व और वर्तमान सैनिक उपस्थित थे।

