Uncategorized

सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान एवं तंबाकू सेवन करने वालों पर बड़ी कार्यवाही, कोटपा एक्ट के तहत 67 प्रकरण दर्ज

एसपी के निर्देशन में जिलेभर में चला विशेष चेकिंग अभियान: नियमों का उल्लंघन करने वालों से 13,400 रुपये का जुर्माना वसूला गया

पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के कुशल निर्देशन में जिले में नशामुक्त वातावरण के निर्माण,आम नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा तथा सार्वजनिक स्थानों पर कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी अभियान चलाया जा रहा है।
इस अभियान के तहत मादक पदार्थों एवं नशे से संबंधित सामाजिक बुराइयों पर अंकुश लगाने के साथ-साथ सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान एवं तंबाकू उत्पादों के नियम विरुद्ध उपयोग और विक्रय के विरुद्ध भी विशेष निगरानी रखी जा रही है।
इसी तारतम्य में 18 नवंबर को जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष चेकिंग अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान करने वालों तथा कोटपा एक्ट के प्रावधानों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सघन जांच एवं चालानी कार्यवाही की गई।धमतरी पुलिस की विभिन्न टीमों द्वारा बाजार, सार्वजनिक स्थलों एवं अन्य प्रमुख स्थानों पर जांच कर नियमों का उल्लंघन करने वालों को चिन्हित किया गया तथा उनके विरुद्ध कोटपा एक्ट के तहत वैधानिक कार्यवाही की गई। इस विशेष अभियान के दौरान जिले के विभिन्न थानों एवं चौकियों में कुल 67 प्रकरण दर्ज कर 13,400 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

*सार्वजनिक स्वास्थ्य एवं सामाजिक अनुशासन को लेकर धमतरी पुलिस प्रतिबद्ध*

धमतरी पुलिस का उद्देश्य केवल नियमों का उल्लंघन करने वालों पर चालानी कार्यवाही करना ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों को तंबाकू एवं धूम्रपान के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर स्वस्थ एवं सुरक्षित सामाजिक वातावरण तैयार करना भी है। सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान से वहां मौजूद अन्य नागरिकों, महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसलिए सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान निषेध संबंधी नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

*धमतरी पुलिस की आम नागरिकों एवं दुकानदारों से अपील*

धमतरी पुलिस द्वारा आम नागरिकों एवं व्यापारियों से अपील की जाती है कि सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान न करें तथा धूम्रपान निषेध संबंधी नियमों का पालन करें.शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तंबाकू एवं अन्य तंबाकू उत्पादों का विक्रय न करें।नाबालिगों को तंबाकू उत्पादों की बिक्री न करें तथा निर्धारित वैधानिक प्रावधानों का पालन करें। सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता, अनुशासन एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने में सहयोग करें।
धमतरी पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाएं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार सघन चेकिंग एवं सख्त वैधानिक कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!