राजीव भवन में कांग्रेसजनों ने मनाई पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी की 109वीं जयंती
वक्ताओं ने गंगरेल बांध की सौगात को बताया धमतरी जिले के विकास की जीवनरेखा

देश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री, अदम्य साहस और दूरदर्शी नेतृत्व की प्रतीक भारत रत्न स्व. श्रीमती इंदिरा गांधी की 109वीं जयंती के अवसर पर आज स्थानीय राजीव भवन में जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने स्व. इंदिरा गांधी के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि एवं पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर आयोजित विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने स्व. इंदिरा गांधी के राष्ट्र निर्माण में योगदान और धमतरी जिले से उनके ऐतिहासिक जुड़ाव को स्मरण किया। वक्ताओं ने कहा कि धमतरी जिले के साथ स्व. इंदिरा गांधी का एक अटूट और ऐतिहासिक रिश्ता रहा है। जिले की जीवनरेखा मानी जाने वाली महानदी जलाशय परियोजना (गंगरेल बांध) के निर्माण की आधारशिला रखकर उन्होंने इस पूरे अंचल को सिंचाई, पेयजल और खुशहाली की ऐतिहासिक सौगात दी थी। नेताओं ने आगे कहा कि गंगरेल बांध आज भी उनकी दूरदर्शी सोच और किसानों के प्रति समर्पण का जीवंत प्रमाण है। इस परियोजना ने न केवल धमतरी बल्कि आसपास के जिलों की कृषि और अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुँचाया है, जिससे लाखों किसानों के जीवन में समृद्धि आई है। वक्ताओं ने देश की एकता, अखंडता और आत्मनिर्भर भारत की नींव रखने में उनके साहसिक निर्णयों को आज की पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बताया। श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान ब्लॉक कांग्रेस शहर अध्यक्ष गौतम वाधवानी, नगर निगम उपनेता प्रतिपक्ष विशु देवांगन, युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष हितेश गंगवीर, जिला महामंत्री विक्रांत पवार, शैलेन्द्र दीवान, कन्हैया सोनी, अविनाश मारोठे, सूरज पासवान, पालू यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।

