Uncategorized

देवउठनी एकादशी पर्व को लेकर सजने लगा जगह-जगह गन्ने का बाजार

शुरुआत में ही महंगा बिक रहा गन्ना, 100 रुपये जोड़ी तक पहुंची कीमत; पर्व को लेकर बाजार में बढ़ी चहल-पहल

चार माह की योगनिद्रा से जागेंगे भगवान विष्णु, मांगलिक कार्यो की होगी शुरुआत

धमतरी। देवउठनी एकादशी पर्व को लेकर धमतरी शहर में उत्साह और रौनक दिखाई देने लगी है। कल मनाए जाने वाले देवउठनी पर्व के एक दिन पूर्व आज से ही शहर के विभिन्न स्थानों पर गन्ने की बिक्री शुरू हो गई है। पर्व की परंपरा के अनुसार गन्ने का विशेष महत्व होने के कारण बाजार में गन्ने की आवक होते ही खरीदारी के लिए लोगों की आवाजाही बढऩे लगी है। शहर के इतवारी बाजार, रामबाग, घड़ी चौक, सिहावा चौक के पास, रायपुर रोड सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर गन्ने की दुकानें सज गई हैं। देवउठनी एकादशी को लेकर बाजार में गन्ने की मांग को देखते हुए बाहर से व्यापारी और स्थानीय विक्रेता गन्ना लेकर पहुंचे हैं। सुबह से ही जगह-जगह गन्ने की बिक्री शुरू हो गई। बाजार में खरीदारी करने पहुंचे लोग अपनी जरूरत और परंपरा के अनुसार गन्ने की खरीदारी करते नजर आए। इस बार शुरुआती दौर में ही गन्ने की कीमत अपेक्षाकृत महंगी बताई जा रही है। बाजार में गन्ने की बिक्री 100 रुपये जोड़ी तक की दर से की जा रही थी। कीमत अधिक होने के बावजूद पर्व की धार्मिक मान्यता और परंपरा के चलते लोग गन्ने की खरीदारी कर रहे हैं। हालांकि, खरीदारों को उम्मीद है कि बाजार में आवक बढऩे के साथ कीमतों में कुछ कमी आ सकती है। गौरतलब है कि देवउठनी एकादशी को हिंदू धर्म में विशेष धार्मिक महत्व प्राप्त है। मान्यता के अनुसार इस दिन भगवान विष्णु चार माह की योगनिद्रा से जागते हैं। इसी के साथ चातुर्मास की समाप्ति होती है और मांगलिक कार्यों की शुरुआत मानी जाती है। इस दिन घरों और आंगन में गन्ने से भगवान विष्णु एवं तुलसी माता के विवाह का मंडप सजाने की परंपरा है। तुलसी विवाह के आयोजन के साथ ही श्रद्धालु पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हैं। देवउठनी एकादशी के साथ ही विवाह एवं अन्य मांगलिक आयोजनों का सिलसिला भी शुरू हो जाता है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!