बनियापारा-पोस्ट ऑफिस वार्ड में 9.97 लाख रुपये की लागत से बनेगा शेड, महापौर रामू रोहरा ने किया भूमिपूजन

तहसील कार्यालय के पीछे शेड निर्माण से नागरिकों एवं अधिवक्ताओं को मिलेगी सुविधा, विकास कार्यों को गति देने निगम प्रतिबद्ध
धमतरी- नगर पालिक निगम के अंतर्गत बनियापारा एवं पोस्ट ऑफिस वार्ड में नागरिक सुविधाओं के विस्तार और आवश्यक अधोसंरचना विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कार्य की शुरुआत हुई। तहसील कार्यालय के पीछे 9.97 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित शेड निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन नगर निगम के महापौर जगदीश रामू रोहरा के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा ने विधिवत पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि शहर के प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करना नगर निगम की प्राथमिकता है। नागरिकों एवं अधिवक्ताओं की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए इस प्रकार के विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। तहसील कार्यालय के पीछे शेड निर्माण होने से यहां आने वाले नागरिकों तथा अधिवक्ताओं को काफी सुविधा मिलेगी। विशेषकर धूप और बारिश के मौसम में लोगों को राहत मिलेगी।
महापौर ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों में जनहित से जुड़े विकास कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है। जनता की आवश्यकताओं और सुविधाओं को ध्यान में रखकर विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार की जा रही है, ताकि शहर का समग्र एवं व्यवस्थित विकास सुनिश्चित हो सके।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में युगल किशोर (पिंटू) यादव, सभापति लोक निर्माण विभाग एवं खाद्य विभाग, नगर पालिक निगम धमतरी तथा पोस्ट ऑफिस वार्ड की पार्षद श्रीमती चन्द्रभागा साहू, एम आईसी सदस्य विभा चंद्राकर,पार्षद मेघराज ठाकुर, शैलैश रजक,कुलेश सोनी,अनिता अग्रवाल, संजय देवांगन, गजेंद्र कंवर,एल्डरमैन भागवत यादव, नंदू लोधी,सरिता यादव उपस्थित रहीं। साथ ही बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने इस महत्वपूर्ण निर्माण कार्य की शुरुआत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए महापौर एवं नगर निगम का आभार जताया।
कार्यक्रम के अंत में अधिवक्ता धमतरी के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव एवं समस्त अधिवक्ताओं ने महापौर रामू रोहरा के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
