Uncategorized

नगर कोतवाल बाबा श्री कालभैरव का भव्य जन्मोत्सव 1 दिसंबर को, दिनभर होंगे धार्मिक आयोजन

विशेष अभिषेक, त्रिकुंडीय यज्ञ-हवन, भजन संध्या, महाआरती और विशाल भंडारे का होगा आयोजन

धमतरी। धर्म एवं आस्था की नगरी धमतरी के कोतवाल बाबा श्री कालभैरव मंदिर, इतवारी बाजार में भगवान श्री कालभैरव का भव्य जन्मोत्सव आगामी मंगलवार, 1 दिसंबर को श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ मनाया जाएगा। जन्मोत्सव के अवसर पर मंदिर परिसर में दिनभर विभिन्न धार्मिक, आध्यात्मिक एवं भक्तिमय कार्यक्रम आयोजित होंगे। आयोजन को लेकर भक्त मंडल द्वारा श्रद्धालुओं को सपरिवार शामिल होने का आमंत्रण दिया गया है।
भगवान शिव के रौद्र एवं दिव्य रक्षक स्वरूप बाबा श्री कालभैरव धर्म, न्याय और भक्तों की रक्षा के अधिष्ठाता देवता के रूप में पूजनीय हैं। धमतरी में बाबा कालभैरव को कोतवाल के रूप में विशेष मान्यता प्राप्त है। श्रद्धालुओं की मान्यता है कि बाबा की आराधना से भय और संकट दूर होते हैं तथा जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। इसी आस्था और श्रद्धाभाव के साथ प्रतिवर्ष बाबा का जन्मोत्सव भक्तिमय वातावरण में मनाया जाता है।
जन्मोत्सव के दिन प्रातः 7 बजे बाबा श्री कालभैरव का जल, मंदिरा , सरसों तेल, गन्ना रस एवं विभिन्न औषधियों से विशेष अभिषेक किया जाएगा। इसके पश्चात बाबा का भव्य श्रृंगार तथा त्रिकुंडीय यज्ञ-हवन एवं पूजन संपन्न होगा। दोपहर 12 बजे से भक्तों के लिए भोजन महाप्रसादी एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
दोपहर 12:30 बजे से कलारतराई धमतरी के बावरा म्यूजिकल ग्रुप द्वारा भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी, जिससे मंदिर परिसर भक्तिरस में सराबोर होगा। वहीं शाम 4 बजे डोडकी धमतरी की आदर्श मानस मंडली द्वारा प्रभु श्रीराम के पावन चरित्रों की संगीतमय प्रस्तुति की जाएगी।
सायं 6:30 बजे बाबा श्री कालभैरव की भव्य महाआरती होगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर बाबा के श्रीचरणों में शीश नवाएंगे। इसके पश्चात शाम 7:30 बजे से रात्रि तक श्री श्याम संकीर्तन समिति धमतरी द्वारा भव्य भक्तिमय भजन संध्या आयोजित की जाएगी। भजनों के माध्यम से श्रद्धालु बाबा की महिमा का गुणगान करेंगे और पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से गुंजायमान होगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!