प्राचार्य की स्मृति में 21 पूर्व शिष्याओं ने रोपे पाँच नीम के पौधे, ट्री गार्ड लगाकर दी अनूठी हरितांजलि

धमतरी। गुरु और शिष्य का रिश्ता शिक्षा के साथ-साथ स्नेह, संस्कार और प्रेरणा का भी होता है, जो जीवनभर बना रहता है। इसी भाव के साथ शिव सिंह वर्मा आदर्श शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, धमतरी की पूर्व प्राचार्य एवं हिंदी विषय की लोकप्रिय शिक्षिका स्वर्गीय श्रीमती एम. जग्गी मैडम की स्मृति में उनकी 21 पूर्व शिष्याओं ने विद्यालय के सामने पाँच नीम के पौधे रोपकर उन्हें भावपूर्ण हरितांजलि अर्पित की। जग्गी मैडम का स्वर्गवास 4 अक्टूबर 2026 को हुआ था। सार्थक ग्रीन धमतरी के अंतर्गत आयोजित इस पौधारोपण कार्यक्रम में विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात पाँच नीम के पौधे रोपे गए। पौधों को सुरक्षित रखने और उनके समुचित विकास के उद्देश्य से प्रत्येक पौधे के साथ ट्री गार्ड भी लगाए गए। धमतरी में उपस्थित शिष्याओं ललिता वाही, मधु जैन, माया कोटेवार, नीता रणसिंह एवं डॉ. सरिता दोशी ने विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात पाँच नीम के पौधों का रोपण किया। पौधारोपण करने वाली शिष्याओं ने भावुक होकर कहा कि जग्गी मैडम केवल हमारी शिक्षिका और प्राचार्य नहीं थीं, बल्कि जीवन को दिशा देने वाली प्रेरणास्रोत थीं। उनका स्नेह और मार्गदर्शन हमेशा हमारे साथ रहेगा। उनके नाम पर लगाए गए ये पौधे उनसे जुड़ी यादों और गुरु के प्रति सम्मान के प्रतीक हैं। इस हरितांजलि में देश के विभिन्न शहरों में निवासरत 21 शिष्याओं ने सहभागिता की। इनमें अनुभा सिंह (कोमाखान), अर्चना दीक्षित (मुंबई), आशा शारपा (भिलाई), गीता महावर (अलवर), डॉ. सरिता दोशी (धमतरी), ललिता वाही (धमतरी), मधु जैन (धमतरी), माया कोटेवार (धमतरी), नम्रता श्रीवास्तव (भोपाल), निर्मल गुप्ता (भद्रक), नीलम जैन (रायपुर), नीता रणसिंह (धमतरी), पिंकी चावला (संबलपुर), प्रेमलता शर्मा (रायपुर), राखी राठौड़ (अमरेली), शारदा गुप्ता (बिलासपुर), शशि सोनी (राजनांदगांव), श्रद्धा तिवारी (रायपुर), सपना धुरंधर (नागपुर), वंदना साहू (भिलाई) एवं विमला कोचर (रायपुर) शामिल हैं। इस अवसर पर सार्थक ग्रीन धमतरी की संयोजिका डॉ. सरिता दोशी ने कहा कि जग्गी मैडम अत्यंत सरल, स्नेहिल, दयालु और हमेशा प्रोत्साहित करने वाली शख्सियत थीं। वे शिक्षा के साथ-साथ पशु-पक्षियों और प्रकृति से भी गहरा प्रेम रखती थीं तथा जरूरतमंदों के प्रति सदैव सहयोग और संवेदनशीलता का भाव रखती थीं। मानसिक दिव्यांग प्रशिक्षण एवं सेवा केंद्र सार्थक स्कूल से भी उनका आत्मीय जुड़ाव था। रकार्यक्रम में उप प्राचार्य श्री डी.के. देवांगन, श्री विष्णु गिलहरे, श्रीमती सुभाषिनी शर्मा, श्री राजकुमार गंजीर, श्री अशोक फौजदार, श्रीमती ममता एवं श्रीमती रजनी यादव गुरुखेले का विशेष सहयोग रहा।
